शेयर मार्केट के नाम पर 12 करोड़ की ठगी, लग्जरी लाइफ जी रहा था गिरोह

भिलाई। शेयर बाजार में रकम दुगुना करने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ पुलिस ने किया है। निशा बिजनेस कन्सलटेंट प्रायवेट लिमिटेड और यूनिक इन्वेस्टमेंट साल्यूशन नाम की दो फर्जी कंपनियां बनाकर आरोपी निवेशकों से करोड़ों रुपये ऐंठ रहे थे। मुख्य आरोपी स्नेहांशु नामदेव और उसकी पत्नी सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अब तक करीब 10–12 करोड़ रुपये की ठगी का खुलासा किया है।

ऐसे चला रही थी कंपनी

गिरोह का मास्टरमाइंड स्नेहांशु नामदेव है। उसने अपनी पत्नी डाली नामदेव और साथी महिलाओं को कंपनी की डायरेक्टर बनाकर भिलाई में दो कार्यालय खोले। यहां निवेशकों को यह कहकर जोड़ा जाता था कि शेयर बाजार में रकम निवेश कर हर महीने 20 से 40 प्रतिशत तक का लाभ मिलेगा और एक वर्ष में राशि दुगुनी हो जाएगी। निवेश बढ़ाने के लिए अलग-अलग कंसल्टेंट नियुक्त किए गए, जिन्हें 10 से 15 प्रतिशत कमीशन भी दिया जाता था।

मनी रोलिंग से चल रहा था खेल

पुलिस जांच में सामने आया कि निवेश की रकम शेयर बाजार में नहीं लगाई जाती थी। आरोपीगण पुराने निवेशकों को पैसा लौटाने के लिए नए निवेशकों से जुटाई रकम का इस्तेमाल करते थे। यानी पूरा खेल केवल मनी रोलिंग का था। कुछ समय तक लाभांश लौटाकर निवेशकों का विश्वास जीता गया और बाद में रकम हड़प ली गई।

भरोसा दिलाने के लिए फर्जी दस्तावेज

आरोपी ग्राहकों को विश्वास दिलाने के लिए तकनीक का भी सहारा लेते थे। कंप्यूटर पर मिरर इमेज बनाकर फर्जी अकाउंट और पासवर्ड तैयार किए जाते, निवेश से संबंधित दस्तावेज तैयार कर व्हाट्सएप के जरिए निवेशकों को भेज दिए जाते। इससे ग्राहकों को लगता था कि उनकी रकम शेयर बाजार में सुरक्षित निवेशित है।

करोड़ों की संपत्ति बनाई

धोखाधड़ी से अर्जित रकम से आरोपी शानो-शौकत की जिंदगी जी रहे थे। पुलिस ने आरोपियों से हार्ले डेविडसन बाइक, टाटा कर्व कार, स्कूटी, सोने-चांदी के जेवर, विदेशी कंपनी वरटू सहित कई महंगे मोबाइल, लैपटॉप, कंप्यूटर, नगदी रकम और फ्लैट से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

शिकायत से खुला राज

मामला तब खुला जब पीड़ित करण शर्मा ने स्मृति नगर चौकी, थाना सुपेला में शिकायत की। उन्होंने बताया कि उनसे और उनके साथियों से करीब 66 लाख 47 हजार रुपये की ठगी की गई है। शिकायत पर पुलिस ने धारा 318(4), 61(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया और जांच शुरू की। पूछताछ में ठगी का पूरा जाल सामने आ गया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. स्नेहांशु नामदेव (37 वर्ष), निवासी साईविला जंजगिरी, थाना कुम्हारी
  2. डाली नामदेव (35 वर्ष), पत्नी स्नेहांशु नामदेव
  3. निशा मानिकपुरी (26 वर्ष), निवासी विजय नगर दुर्ग
  4. धातरी कोसरे (24 वर्ष), निवासी डी-पाकेट मरोदा, भिलाई
  5. शुभम गुप्ता (25 वर्ष), निवासी कृपाल नगर, कोहका

पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है और यह जांच भी की जा रही है कि अब तक कितने लोगों से करोड़ों की ठगी की गई है। पुलिस को आशंका है कि निवेशकों की संख्या और ठगी की राशि और भी ज्यादा हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *