पाटन। पाटन थाना क्षेत्र में पत्नी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला कैसे खुला
दिनांक 10 सितम्बर 2025 को सीएचसी पाटन के वार्ड बॉय प्रवेश कुमार राउत ने पाटन आर.एम.ओ. डॉक्टर राकेश लहरे के माध्यम से थाना पाटन को सूचना दी कि ग्राम पंदर वार्ड क्रमांक 16 निवासी श्रीमती प्रीति वर्मा (उम्र 35 वर्ष) की मृत्यु हो गई है। पुलिस ने मर्ग क्रमांक 43/2025 दर्ज कर जांच शुरू की।
शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें डॉक्टरों ने मृत्यु का कारण “asphyxia nature in homicide” बताया। इससे यह स्पष्ट हो गया कि महिला की मौत प्राकृतिक नहीं बल्कि गला दबाकर की गई हत्या है। इस आधार पर थाना पाटन में अपराध क्रमांक 206/2025 धारा 103 बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
आरोपी पति का खुलासा
जांच के दौरान मृतका के पति होरी लाल वर्मा (उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम पंदर) को पूछताछ के लिए बुलाया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि करीब 7 साल पहले जसगीत कार्यक्रम में प्रीति वर्मा से उसकी पहचान हुई थी। प्रीति का पहला विवाह ग्राम करगा निवासी शेष नारायण वर्मा से हुआ था, लेकिन आपसी विवाद के कारण वह मायके ग्राम चंगोरी में अपने माता-पिता और बच्चों के साथ रह रही थी। बाद में होरी लाल ने चूड़ी पहनाकर प्रीति को पत्नी बना लिया और ग्राम पंदर में साथ रहने लगा।
प्रीति के पहले पति से उसे दो बच्चे – बेटा सत्यम (13 वर्ष) और बेटी केशर (11 वर्ष) हैं। इनमें बेटा सत्यम अपने नाना-नानी के साथ चंगोरी में रहता है, जबकि बेटी केशर ग्राम पंदर में ही मां-बाप के साथ रह रही थी।
आरोपी ने बताया कि शादी के बाद से ही प्रीति का स्वभाव ठीक नहीं था। वह शराब, गुटखा, तंबाकू और गुड़ाखू का सेवन करती थी। आए दिन झगड़ा करती और फोन पर किसी से बात करती रहती थी। कई बार नशे की हालत में उससे मारपीट भी करती थी। इन हरकतों से वह बहुत परेशान था।
घटना कैसे हुई
10 सितम्बर की दोपहर लगभग 3:30 बजे होरी लाल घर में आराम कर रहा था। इसी दौरान प्रीति शराब के नशे में कमरे में आई और उसे गाली-गलौज कर कॉलर पकड़कर बिस्तर से जमीन पर पटक दिया। विवाद बढ़ा तो दोनों के बीच मारपीट होने लगी। तभी शाम 4 बजे उनकी बेटी केशर स्कूल से घर लौटी और थोड़ी देर बाद ट्यूशन चली गई।
बेटी के जाते ही प्रीति फिर से झगड़ने लगी। गुस्से में आकर होरी लाल ने पत्नी को जमीन पर गिराकर उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को खाट पर लिटा दिया और रिश्तेदारों व घरवालों को यह कहकर गुमराह किया कि प्रीति अचानक बेहोश होकर गिर गई है।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने विवेचना के दौरान सारे तथ्य सामने आने पर आरोपी पति होरी लाल वर्मा को 19 सितम्बर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। इस कार्रवाई में प्र.आर. 156 लोकेश लहरी, थाना पाटन का विशेष योगदान रहा।
