सोनपुर में रोकी गईं मितानिनें, आक्रोशित होकर पाटन के आत्मानंद चौक में किया चक्काजाम

पाटन। प्रदेश स्वास्थ्य मितानिन संघ रायपुर एवं प्रशिक्षक कल्याण संघ की मितानिनें राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय अनिश्चितकालीन धरना देने के लिए जा रही थीं, लेकिन उन्हें सुबह 8 बजे ग्राम सोनपुर में ही रोक दिया गया। लगभग चार घंटे तक मितानिन वहीं बैठी रहीं। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी करते हुए सरकार पर चुनावी वादे पूरे न करने का आरोप लगाया।

जैसे ही मितानिनों को जानकारी मिली कि प्रदेशभर से धरना स्थल की ओर जा रही मितानिनों को रास्ते में ही रोका जा रहा है, वे आक्रोशित हो उठीं और आत्मानंद चौक पाटन में पहुंचकर सड़क पर बैठ गईं। देखते ही देखते बड़ी संख्या में मितानिन इकट्ठा हो गईं और चक्का जाम कर दिया।

मितानिन संघ की प्रमुख मांगें :

  1. चुनावी घोषणा पत्र 2023 के अनुसार मितानिन, मितानिन प्रशिक्षक, हेल्थ डेस्क फैसिलिटेटर को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एन.एच.एम.) में संविलियन किया जाए।
  2. मितानिन, प्रशिक्षक, हेल्थ डेस्क फैसिलिटेटर एवं ब्लॉक कोऑर्डिनेटर का वेतन/मानदेय 50 प्रतिशत बढ़ाया जाए।
  3. एन.जी.ओ. और आउटसोर्सिंग की व्यवस्था समाप्त कर शासन द्वारा सीधा वेतन भुगतान किया जाए।

मितानिनों ने कहा कि वे वर्षों से ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाएं दे रही हैं, लेकिन सरकार अब तक अपने चुनावी वादे पूरे नहीं कर पाई है। जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

चक्का जाम से आत्मानंद चौक और आसपास का यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मितानिनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अडिग रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *