नगर पंचायत पाटन के बस स्टैंड की नवनिर्मित दुकानों के आबंटन पर विवाद, कांग्रेसियों ने कलेक्टर से की शिकायत

पाटन। नगर पंचायत पाटन के बस स्टैंड में बनी नव निर्मित दुकानों के किराये पर आवंटन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस पार्षदों एवं कार्यकर्ताओं ने इस पर गंभीर आपत्ति जताते हुए कलेक्टर दुर्ग को ज्ञापन सौंपा है।

कांग्रेसियों ने आरोप लगाया है कि तत्कालीन नगर पंचायत परिषद द्वारा बिना किसी प्रस्ताव और सूचना के दुकानों को किराये पर आवंटित कर दिया गया है। साथ ही वर्तमान अध्यक्ष द्वारा अपने नजदीकी व्यक्तियों से ही राशि लेकर गुपचुप तरीके से आवंटन किया जा रहा है। उनका कहना है कि यह पूरी प्रक्रिया नियमों के विपरीत और अपारदर्शी है, जिससे शासन को राजस्व का नुकसान भी हो रहा है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि दुकानों के किराये आवंटन से पहले नगर पंचायत की जमीन का हस्तांतरण राजस्व विभाग से होना चाहिए था, जबकि अभी तक ऐसा नहीं हुआ है। साथ ही शासन के नियमों के मुताबिक टेंडर प्रक्रिया से ही आवंटन होना अनिवार्य है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि नियमों के विरुद्ध दुकानों का आवंटन किया गया तो वे सभी कांग्रेसजन सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।

इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष आभाष दुबे, पुरुषोत्तम कश्यप,दीपक यादव,नीरज सोनी,कमल किशोर वर्मा, प्रशांत शर्मा समेत कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *