खेल आयोजन के दौरान बड़ी लापरवाही:कोण्डागांव में 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता, मधुमक्खी हमले से खिलाड़ियों में आक्रोश

कोण्डागांव। जिला मुख्यालय कोण्डागांव का स्टेडियम मैदान इन दिनों खेल उत्सव का केंद्र बना हुआ है। 28 से 31 अगस्त तक आयोजित 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 700 से अधिक खिलाड़ी और अधिकारी जुटे हैं। तीरंदाजी, फुटबॉल और मलखम जैसे पारंपरिक व आधुनिक खेलों में हिस्सा लेने के लिए खिलाड़ी उत्साहित नजर आ रहे हैं। गुरुवार सुबह कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक लता उसेंडी की उपस्थिति में हुआ। जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान सहित कई अधिकारी मंचासीन रहे। खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च-पास्ट कर खेल महोत्सव की औपचारिक शुरुआत की।लेकिन प्रतियोगिता की शुरुआत के साथ ही एक बड़ी लापरवाही सामने आई, जिसने खिलाड़ियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

मधुमक्खियों का हमला, तीन खिलाड़ी घायल……

प्रतियोगिता के पहले ही दिन रात को रायपुर ज़ोन के खिलाड़ियों को रात्रि विश्राम के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने काट लिया। अचानक हुए इस हमले से खिलाड़ियों में भगदड़ मच गई। जानकारी के मुताबिक तीन खिलाड़ी घायल हुए, जिनमें फुटबॉल खिलाड़ी रुद्र भी शामिल हैं। रुद्र ने बताया कि “रात में हमें मधुमक्खियों ने काटा। पूरी रात नींद नहीं आई। सुबह हमारा फुटबॉल मैच था, लेकिन बिना आराम और दर्द के बीच कैसे बेहतर प्रदर्शन करें?”

यह घटना न केवल खिलाड़ियों के स्वास्थ्य और मनोबल पर असर डाल रही है, बल्कि प्रतियोगिता की तैयारियों और व्यवस्थाओं की पोल भी खोल रही है।

अधिकारियों का बयान और विवाद……..

घटना के बाद खिलाड़ियों और अभिभावकों ने शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अधिकारियों ने पल्ला झाड़ लिया। जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान ने कहा कि उन्हें किसी भी खिलाड़ी के घायल होने की जानकारी नहीं है। इस बयान ने विवाद और बढ़ा दिया। अभिभावकों का कहना है कि जब अधिकारी ही खिलाड़ियों की परेशानी को नकार देंगे, तो जिम्मेदारी कौन लेगा?

अभिभावकों और स्थानीय लोगों की नाराजगी…….

प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों के अभिभावक और स्थानीय लोगों ने व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि राज्य स्तरीय आयोजन का मतलब है कि खिलाड़ियों के लिए बेहतर ठहरने की व्यवस्था, सुरक्षित वातावरण और स्वास्थ्य सुविधाएँ सुनिश्चित की जाएँ। लेकिन हकीकत यह रही कि खिलाड़ियों को असुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया, जहाँ रात में मधुमक्खियों का हमला हो गया। अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि यदि सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर तुरंत ध्यान नहीं दिया गया, तो बच्चों का भविष्य और खेल दोनों प्रभावित होंगे।

खिलाड़ियों का टूटा मनोबल…..

मधुमक्खी हमले की घटना से खिलाड़ी मानसिक और शारीरिक रूप से असुविधा झेलने को मजबूर हैं। कई खिलाड़ियों ने कहा कि इस स्थिति में मैदान पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर पाना मुश्किल है। प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारना है, लेकिन यदि उन्हें ही असुरक्षित वातावरण और परेशानियों का सामना करना पड़े तो उनके उत्साह पर नकारात्मक असर पड़ना तय है।

आयोजन की गुणवत्ता पर सवाल….

राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर देती है। लेकिन इस बार सामने आई अव्यवस्थाओं और लापरवाही ने आयोजन की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आयोजन समिति और जिम्मेदार अधिकारियों को इस घटना से सबक लेते हुए तुरंत सुरक्षा, स्वास्थ्य और ठहरने की सुविधाओं को दुरुस्त करना होगा। तभी प्रतियोगिता अपने उद्देश्य में सफल हो पाएगी और बच्चों का खेल व भविष्य सुरक्षित रह सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *