दुर्ग में अंधे कत्ल का खुलासा – पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की ली जान

दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। मामले में मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रचकर उसे अंजाम दिया।

घटना की शुरुआत
24 अगस्त को पुलिस चौकी नगपुरा स्थित आंवला बाड़ी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां करीब 40-45 वर्षीय पुरुष मृत अवस्था में पाया गया। पहचान के प्रयास में शव का फोटो अन्य जिलों और साइबर प्रहरी के माध्यम से वायरल किया गया। इसी दौरान अंजनी ठाकुर नामक महिला पहुंची और शव की पहचान अपने पति धनेश ठाकुर के रूप में की।

हत्या का खुलासा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में धनेश ठाकुर की मौत सिर पर ठोस वस्तु से चोट लगने से होना पाया गया। जांच में मृतक की पत्नी अंजनी ठाकुर और उसके प्रेमी हरपाल सिंह राजपूत उर्फ छोटू पर शक गहराया। पूछताछ में हरपाल सिंह ने 25 वर्षों से अंजनी के साथ प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की।

मृतक धनेश ठाकुर शराब का आदी था और अक्सर पत्नी से झगड़ा करता था। इसी कारण प्रेमी युगल ने धनेश को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजना के तहत 22 अगस्त को हरपाल ने धनेश को शराब पिलाने के बहाने आंवला बगीचा ले जाकर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी और पत्नी अंजनी को इसकी सूचना दी।

गिरफ्तारी और कार्रवाई
साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी हरपाल सिंह राजपूत उर्फ छोटू और अंजनी ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम का योगदान
इस पूरे खुलासे में थाना प्रभारी पुलगांव निरीक्षक प्रकाशकांत, एसीसीयू प्रभारी प्रमोद रूसिया, चौकी प्रभारी मनोज यादव, उप निरीक्षक खेलन साहू और एसीसीयू टीम के आरक्षक नरेंद्र सहारे, शौकत हयात खान, हिरामन साहू, सनत भारती और अश्वनी यदु की भूमिका सराहनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *