
राजिम,,शासकीय राजीव लोचन स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजिम में पुलिस विभाग, एन.एस.एस. एवं रेडक्रॉस इकाई के संयुक्त तत्वावधान में छात्राओं हेतु “अभिव्यक्ति ऐप जागरूकता कार्यक्रम” आयोजित किया गया। संस्था प्रमुख डॉ. सविता मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राजिम थाना उप निरीक्षक श्रीमती सरोज चवरे एवं सहयोगी के रूप में महिला प्रधान आरक्षक सविता खरे एवं श्रीमती श्वेता खरे ( प्रभारी राष्ट्रीय सेवा योजना) एवं मनीषा भोई ( प्रभारी रेड क्रॉस इकाई ) के नेतृत्व में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
उप निरीक्षक श्रीमती चवरे ने छात्राओं को “अभिव्यक्ति ऐप” की विस्तृत जानकारी दी तथा इसके माध्यम से आपात स्थिति में पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी विस्तृत रूप से समझाई।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि “अभिव्यक्ति ऐप” छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित एक विशेष मोबाइल एप्लीकेशन है, जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा एवं त्वरित सहायता उपलब्ध कराना है। इस ऐप की प्रमुख विशेषताएँ इस प्रकार हैं
:आपातकालीन सहायता (Emergency Help): किसी भी आपात स्थिति में मात्र एक क्लिक पर नज़दीकी पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है।लोकेशन ट्रैकिंग: मदद माँगते ही उपयोगकर्ता की लोकेशन पुलिस नियंत्रण कक्ष तक तुरंत पहुँच जाती है।संपर्क सुविधा: ऐप के माध्यम से हेल्पलाइन नंबर, नज़दीकी थाने और संबंधित पुलिस अधिकारियों से सीधा संपर्क संभव है।गोपनीयता (Privacy): महिला की पहचान और शिकायत की गोपनीयता पूर्ण रूप से सुरक्षित रखी जाती है।
जागरूकता सामग्री: महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों, अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाती है।कार्यक्रम में छात्राओं को ऐप डाउनलोड करने और इसका वास्तविक उपयोग कैसे करना है, इसका डेमो भी दिखाया गया। अधिकारियों ने कहा कि हर छात्रा को यह ऐप अपने मोबाइल में इंस्टॉल करना चाहिए ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सुरक्षा और सहायता मिल सके।
अंत में छात्राओं ने अधिकारियों से प्रश्न पूछे और महिला सुरक्षा संबंधी अपनी शंकाएँ भी साझा कीं। कॉलेज प्रबंधन ने पुलिस विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं की सुरक्षा एवं आत्मविश्वास के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।
इस कार्यक्रम में डॉ. भानु प्रताप नायक सहा. प्राध्यापक ( गृह विज्ञान), डॉ. ग्रीष्मा सिंह (अतिथि प्राध्यापक) एवं रेड क्रॉस इकाई व राष्ट्रीय सेवा योजना से दिशा शर्मा, गुनीता साहू, देवनंदिनी साहू, रोशनी, खेमेश्वरी, केसरी आदि वालंटियर्स बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
