–राष्ट्रपति के हाथों मिला सम्मान।
-विक्रम शाह ठाकुर
कुम्हारी। कुम्हारी शहर ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। गुरुवार 17 जुलाई को विज्ञान भवन नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में देश के राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के मंत्री अरुण साव को यह सम्मान प्रदान किया ,साथ ही नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना वर्मा एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी नेतराम चन्द्राकर भी मंच पर उपस्थित रहे। कुम्हारी को 20,000-50,000 जनसंख्या श्रेणी में 10367 अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही, कुम्हारी शहर को ‘गार्बेज फ्री सिटी’ श्रेणी में 3-स्टार का दर्जा भी मिला है, जो इसकी स्वच्छता की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर कुम्हारी नगर पालिका की अध्यक्ष श्रीमती मीना वर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नेतराम चंद्राकर, उपाध्यक्ष प्रमोद सिंह राजपूत, और स्वास्थ्य विभाग की श्रीमती लता साहू ने सभी नगरवासियों को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के मंत्री अरुण साव को इस उपलब्धि के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस सफलता का श्रेय कुम्हारी नगर के पार्षदों, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडरों, पालिका अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों के अथक प्रयासों को दिया गया। गौरतलब है कि 2023 में भी कुम्हारी नगरपालिका को स्वच्छता हेतु सम्मानित किया जा चुका है।
विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित इस भव्य समारोह में कुम्हारी नगरपालिका टीम की ओर से गौरव केशरवानी (जिला समन्वयक), सब इंजीनियर श्रीमती साधना अहिरवार, और लेखापाल हरिकिशन पावरिया उपस्थित रहे। यह सम्मान सभी के सामूहिक प्रयासों और स्वच्छता के प्रति समर्पण का परिणाम है।
