ग्रामीणों ने शिक्षक हटाने की मांग को लेकर राजनांदगांव – अर्जुंदा मार्ग पर 3 घंटे किया चक्का जाम विधायक ने कहा विवादित शिक्षिका तथा बीईओ को निलंबित करें

देवरीबंगला / डौडीलोहारा विकासखंड के ग्राम बीजाभाटा में शिक्षिका को हटाने व स्थानांतरित शिक्षिका का स्थानांतरण रोकने को लेकर ग्रामीणों ने राजनांदगांव अर्जुंदा मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया।

ग्रामीणों ने इसके पूर्व प्रशासन को इसकी सूचना लिखित में दी थी। ग्राम बीजाभाटा के ग्रामीण कमलेश साहू ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय में तीन शिक्षक थे। युक्ति युक्तिकरण के तहत शिक्षिका नर्मदा साहू का अनियंत्रित स्थानांतरण कर दिया। इससे ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीण शिक्षिका उषा बोरकर का लंबे समय से स्थानांतरण की मांग कर रहे थे। लेकिन दूसरी शिक्षिका का स्थानांतरण कर दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि उषा बोरकर का विद्यालय के छात्रों तथा ग्रामीणों के साथ व्यवहार ठीक नहीं है। विद्यालय में समय पर उपस्थित भी नहीं रहती। इससे विद्यालय में अव्यवस्था रहती है। ग्रामीण अपने बच्चों को 15 दिन से स्कूल नहीं भेज रहे हैं। चक्का जाम में ग्रामीणों को समर्थन देने बीजाभाटा पहुंचे विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि युक्तिकरण प्रक्रिया ही गलत है। इससे अव्यवस्था फैल रही है। विभाग को कई बार बोलने के बाद भी शिकायत वाली शिक्षिका को ना हटाकर दूसरी शिक्षिका को हटाने से ग्रामीण नाराज है। सरकार पढ़ने वाले बच्चों के साथ-साथ किसानों को भी परेशान कर रही है। किसानों को खाद बीज उपलब्ध नहीं हो रहा है। पर्याप्त मात्रा में बिजली भी उपलब्ध नहीं हो रही है।

चक्का जाम को जिला पंचायत सदस्य गुलशन चंद्राकर, विधायक प्रतिनिधि राजेश बाफना, हरीश चंद्राकर,केशव शर्मा, जनपद सदस्य ललिता भूआर्य, शोभित यादव, नगर पंचायत उपाध्यक्ष अनुभव शर्मा ने भी संबोधित किया। चक्का जाम के समर्थन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कोदूराम दिल्लीवार, भोजराम साहू, जनपद सदस्य भूपेश नायक, सागर साहू, सरपंच कांतिभूषण साहू, गीनुराम ठाकुर, दुर्जनलाल साहू, बिसुलाल साहू, टोमन लाल देवांगन, दयाल यादव, अनवर सूर्यवंशी, चोवाराम साहू, भुवन कुमार साहू, लीलाधर मेश्राम, एसडीएम डौडीलोहारा, एसडीओपी सहित विद्यालय के विद्यार्थी, ग्रामीण एवं महिलाएं उपस्थित थे।

शिक्षिका एवं बीईओ दोनों को निलंबित करें ः-विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि बीजाभाटा की विवादित शिक्षिका तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी को जब तक निलंबित नहीं किया जाता तब तक धरना जारी रहेगा। बच्चों के भविष्य के लिए लड़ाई जारी रहेगी। हम भरी बरसात में मांग पूरी होने तक सड़क पर बैठे रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *