देवरीबंगला / प्रदेश स्वास्थ्य मितानिन संघ अपनी लंबित मांगों को लेकर मितानिन कार्यक्रम के मितानिन, मितानिन प्रशिक्षक, ब्लॉक समन्वयक व हेल्प डेस्क फैसिलिटेटर संघ के आवाहन पर अनिश्चितकालीन कलम बंद काम बंद कर प्रदेश स्तर पर हड़ताल एवं धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। जिला स्तर के मितानिन, मितानिन प्रशिक्षक, ब्लॉक समन्वयक एवं हेल्प डेस्क फैसिलिटेटर 7 जुलाई से सभी काम बंद कर तुता रायपुर में धरना प्रदर्शन करेंगे। हड़ताल से राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम तथा नवजात की देखभाल, टीकाकरण, गर्भवती की देखभाल, कुष्ठ एवं टीबी के मरीजों को दवाई खिलाना प्रभावित होगा।
मितानिन संघ की प्रमुख मांगे ः– प्रदेश स्वास्थ्य मितानिन संघ जिला इकाई की अध्यक्ष महेश्वरी साहू ने बताया की संघ की प्रमुख मांगे निम्न अनुसार है। (1)किसी भी एनजीओ के साथ काम नहीं करेंगे। (2)ब्लॉक समन्वयक मितानिन प्रशिक्षक एवं हेल्प डेस्क फैसिलिटेटर को प्रति माह वेतन मिले। (3)मितानिन के हर प्रकरण की राशि बढ़े। (4)मितानिन का राज्यांश 100% हो। (5)50% राशि वृद्धि का वादा पूरा करें। (6)मितानिन प्रशिक्षक का 2024 का बड़ा हुआ राशि जल्दी मिले।
7 जुलाई से होगा धरना प्रदर्शनः- प्रदेश स्वास्थ्य मितानिन संघ जिला इकाई बालोद के सलाहकार केशव शर्मा ने बताया कि संघ द्वारा आयोजित धरना प्रदर्शन में 7 जुलाई को रायपुर जिले के समस्त ब्लॉक शामिल होंगे। इसी प्रकार 8 जुलाई धमतरी, 9 जुलाई महासमुंद, 10 जुलाई गरियाबंद, 11 जुलाई बलोदा बाजार के समस्त ब्लॉक धरना प्रदर्शन में शामिल होंगे। अन्य जिलों के धरना प्रदर्शन की तिथि शीघ्र घोषित करेंगे। संघ के प्रतिनिधिमंडल को एनएचएम ने वार्ता के लिए बुलायाः-मितानिन कार्यक्रम के कार्यकर्ताओं द्वारा अल्टीमेटम देने के बाद आशा रिसोर्स सेंटर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के उपसंचालक ने राज्य स्वास्थ्य मितानिन संघ के प्रतिनिधि मंडल को उनकी मांगों के संदर्भ में वार्ता के लिए 7 जुलाई को बुलाया है।
