- …मामला पाटन ब्लॉक के तरीघाट का
पाटन। ब्लाक मुख्यालय से लगभग 8 किलो मीटर की दूरी पर खारुन नदी के तट पर बसे पुरातात्विक ग्राम पंचायत तरीघाट में मृतक को अंतिम संस्कार के लिए उनके परिजनों को बड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। शासन के माध्यम से प्रदेश के सभी पंचायतों एवं ग्राम में मृतक के अंतिम संस्कार के लिए शेड एवं प्रतीक्षालय का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया गया है जिससे सभी मौसम में मृतक का अंतिम संस्कार किया जा सके।
ग्राम पंचायत तरीघाट के मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार के लिए शेड नहीं होने के कारण मृतक के परिजन शव को दूसरे ग्राम के मुक्तिधाम ले जाकर अंतिम संस्कार करने मजबूर हो रहे है लगभग 16 दिन पूर्व टावरी परिवार में निधन होने पर रायपुर जिला के ग्राम परसुलीडीह के श्मशान घाट में ले जाकर अंतिम संस्कार किया गया था। वही आज तीन जुलाई को गुहा निषाद के आकस्मिक निधन होने पर पानी लगातार गिरने के कारण पानी बंद होने का इंतजार किया गया पानी बंद होने पर खुले में मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।
बरसात के मौसम में या तो बरसात रुकने के इंतजार करना पड़ रहा है अथवा दूसरे ग्राम के मुक्तिधाम का सहारा लेना पड़ रहा है किसी के घर शोक होने पर बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ऐसा नहीं है कि ग्राम तरीघाट के मुक्तिधाम में पक्का शेड नहीं था यहां भी शासन के द्वारा मुक्तिधाम में शेड बना हुआ था लेकिन पूर्ववर्ती पंचायत के द्वारा 10 माह पूर्व जर्जर होने के कारण तोड़ दिया गया था उसके बाद पक्का शेड का निर्माण नहीं हो पाया है जिससे मृतक के परिजनों को परेशानी हो रही है।
पूर्व सरपंच अशोक साहू ने जानकारी दिया कि मुक्तिधाम अत्यधिक जर्जर हो जाने के कारण पंचायत प्रस्ताव,ग्राम सभा में अनुमोदन एवं ग्राम तरीघाट के आम जनों से वाट्सअप ग्रुप में जानकारी देने के बाद शेड को तोड़ा गया था। तोड़ने के पहले भी जनपद पंचायत में शेड निर्माण के लिए चार बार आवेदन दिया। इसके अलावा मनरेगा के अंतर्गत निर्माण के लिए आवेदन दिया था लेकिन मेरे कार्यकाल मुक्तिधाम में शेड निर्माण अधिकारियों के असहयोग के कारण नहीं बन पाया।
दूसरी ओर ग्राम पंचायत सचिव ज्ञानचंद चक्रधारी का कहना है कि मुक्तिधाम के शेड को तोड़ने ग्राम पंचायत में प्रस्ताव पारित नहीं हुआ था ,मुक्तिधाम में नए शेड निर्माण के लिए पंचायत में प्रस्ताव पारित कर जनपद पंचायत में स्वीकृति के लिए भेजा गया था।
वर्तमान सरपंच श्रीमती चंद्रिका साहु ने कहा कि ग्राम के मुक्तिधाम में शेड निर्माण के लिए पंचायत में प्रस्ताव पारित कर जनपद पंचायत भेजा गया है। बरसात के मौसम में अंतिम संस्कार मृतक के परिजनों को परेशानी हो रही है।
