गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को बड़ा विमान हादसा हो गया. यात्रियों को लेकर जा रहा एअर इंडिया का एक विमान क्रैश हो गया. हादसा अहमदाबाद में टेकऑफ के समय हुआ. फ्लाइट का पीछे का हिस्सा किसी पेड़ से टकराने की बात सामने आ रही है. विमान अहमदाबाद से लंदन जा रहा था. विमान में क्रू मेंबर समेत 242 यात्री सवार थे.
हादसा अहमदाबाद हॉर्स कैंप के पास हुआ. ये क्षेत्र सिविल हॉस्पिटल के पास है. विमान दुर्घटना में भारी नुकसान हुआ है. जिस विमान का हादसा हुआ है उसका नंबर AI171 है. विमान लगभग 1.30 बजे अहमदाबाद के मेघानी नगर क्षेत्र के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हुआ. विमान में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी सवार थे. पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने हादसे की जानकारी ली.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और डीजीपी से बात की है. उन्होंने विमान दुर्घटना की प्राथमिक जानकारी ली. अमित शाह ने हर संभव मदद का भरोसा दिया है. मौके पर NSG की टीम है. गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी विमान में सवार थे.
सीएम भूपेंद्र पटेल सूरत से अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए हैं. हादसे पर एअर इंडिया का बयान सामने आया है. एअर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि अहमदाबाद-लंदन उड़ान भरने वाली AI171 फ्लाइट हादसे का शिकार हो गई. फिलहाल, हम घटना की जानकारी जुटा रहे हैं और जल्द से जल्द http://airindia.com और अपने एक्स हैंडल (https://x.com/airindia) पर आगे की जानकारी साझा करेंगे.
10 केबिन क्रू सहित 242 लोग थे सवार
विमान में 2 पायलट और 10 केबिन क्रू सहित 242 लोग सवार थे. विमान की कमान कैप्टन सुमीत सभरवाल के पास थी, उनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे. कैप्टन सुमीत सभरवाल एलटीसी हैं जिन्हें 8200 घंटों का अनुभव है. सह-पायलट के पास 1100 घंटों की उड़ान का अनुभव था.
एटीसी के अनुसार, विमान अहमदाबाद एयरपोर्ट के रनवे 23 से रवाना हुआ था. इसने एटीसी को मेडे कॉल किया, लेकिन उसके बाद एटीसी द्वारा की गई कॉल का विमान ने कोई जवाब नहीं दिया. रनवे 23 से प्रस्थान के तुरंत बाद विमान हवाई अड्डे के बाहर जमीन पर गिर गया.दुर्घटना स्थल से भारी काला धुआं निकलते देखा गया.
प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से बात की है और दुर्घटना की जानकारी ली. मंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि वे बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए अहमदाबाद जा रहे हैं. प्रधानमंत्री ने मंत्री को तत्काल सभी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है और स्थिति के बारे में नियमित रूप से अपडेट रहने को कहा है. सभी संबंधित एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं.
