पंडरीपानी के जंगल में मिले तेंदुए के अवशेष तस्करी मामले में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

खबर हेमंत तिवारी

छुरा /वनपरिक्षेत्र छुरा के ग्राम पंडरीपानी जंगल मे एक माह पूर्व वन्यजीव तेंदुआ के संदिग्ध मौत के बाद रहस्यमयी तरीके से तेंदुआ के अवशेष गायब मिले थे। वन विभाग लगातार तेंदुआ की मौत के बाद शव के गायब अवशेष के साथ आरोपियों का पतासाजी करने में जुटा हुआ था। मुखबिर की सूचना पर उक्त प्रकरण में तीन लोगों को अवशेष के साथ पकड़ कर 14 दिन की रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। उल्लेखनीय है कि एक माह पहले छुरा वनपरिक्षेत्र के भरुवामुड़ा के ग्राम पंडरीपानी के कक्ष क्रमांक 298 में पहाड़ के पास जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ रहे ग्रामीणों ने दो तेंदुआ को मृत अवस्था में देखा, डर कर वापस गांव आ गए। यह बात गांव के लोगों को पता चली, तब गांव के युवकों ने दो दिन बाद मृत तेंदुए का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।

ग्रुप के माध्यम से वीडियो मीडिया तक पहुंची, तब तीसरे दिन जब मीडिया ने खुद घटनास्थल पहुंच कर देखा तो मृत तेंदुआ के कुछ अवशेष ही पड़े थे, जिसकी जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी गई। जानकारी के बाद वन विभाग हरकत में आया और आनन-फानन में घटनास्थल पहुंचे। साथ ही गरियाबंद वनमंडल के वनमंडलाधिकारी, उपवनमंडलाधिकारी डॉक्टरों की टीम के साथ घटनास्थल पहुंच कर घटना की हर एंगल से जांच कर वन अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया। वन परिक्षेत्र अधिकारी व समस्त स्टाफ द्वारा लगातार मामले में पतासाजी में लगे हुए थे, तभी मुखबिर की सूचना पर विभाग ने 3 लोगों को पकड़ने में सफलता हासिल की। आरोपियों के पास से तेंदुआ का अवशेष भी बरामद किया गया।

तीनों आरोपी पंडरीपानी के आसपास के ही निवासी थे। वन विभाग द्वारा उक्त अपराध में पकड़े गए आरोपियों का नाम अशोक पिता चरण सिंग, जाति गोंड़, उम्र 48 वर्ष, ग्राम सेहरापानी, थाना व तह. – छुरा, जिला गरियाबंद (छ०ग०), बीरबल यादव पिता दयाराम, जाति यादव, उम्र 28 वर्ष, ग्राम सेहरापानी, थाना व तह. – छुरा, जिला गरियाबंद (छ०ग०), अशोक कमार पिता हीरु कमार, जाति कमार, उम्र 45 वर्ष, ग्राम पण्डरीपानी (कमार), थाना तह. – छुरा, जिला गरियाबंद (छ०ग०)। उपरोक्त तीनों आरोपी को वन्यप्राणी का नाखून 33 नग, दांत 01 नग, बाल 03 नग को बेचने के प्रयास से निकले हुए थे, जिन्हें ग्राम कोचबाय के चौराहा पर धर दबोचा गया। इसी कड़ी में अशोक कमार पिता हीरु कमार, जाति कमार, उम्र 45 वर्ष, के निवास में दिनांक 28.05.2025 को छापामार कार्रवाई दौरान विभिन्न प्रजाति के वन्यप्राणी के अवशेष जैसे (पैर, मांस का टुकड़ा, पंख, बाल) आदि जप्त किया गया।

प्रकरण की विवेचना प्रगतिरत है एवं तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर 14 दिन के न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। इस कार्रवाई में धीरेन्द्र साहू वन परिक्षेत्र अधिकारी छुरा एवं नदीम बरिहा वन परिक्षेत्र अधिकारी गरियाबंद एवं अधीनस्थ स्टाफ लोकेश्वर सिंह चौहान (उप वनक्षेत्रपाल), वनपाल कमल नेताम, कृष्ण कुमार साहू, शिवलाल यादव, वन रक्षक छमेश्वर साहू, देवराम साहू, यादराम सिन्हा, पूरुषोत्तम ध्रुवा, तुलसी ध्रुव, रामध्वज मौर्य, वन परिक्षेत्र परसुली, पाण्डुका, गरियाबंद के स्टाफ एवं वन परिक्षेत्र छुरा में कार्यरत दैनिक वेतनभोगियों की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *