एक राष्ट्र एक चुनाव से देश में विकास की गति बढ़ेगी- गजेन्द्र यादव

दुर्ग। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में एक राष्ट्र एक चुनाव को लेकर आज दुर्ग शहर विधानसभा स्तरीय संगोष्ठी आयोजित हुई। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीस के तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री सरोज पाण्डेय रही जिन्होंने देश के विकास में एक राष्ट्र एक चुनाव पर उपस्थितजन को सम्बोधित कर समर्थन करने अपील किये। उन्होंने आचार संहिता में चुनाव आयोग की गतिविधियों में होने वाले खर्च और प्रशासनिक कार्य की रुकावट की जानकारी देते हुए पूरे देश में एक साथ चुनाव कराने से जनता को होने लाभ की जानकारी साझा किये। विधायक गजेन्द्र यादव ने एक राष्ट्र एक चुनाव का समर्थन करते हुए कहा कि एक चुनाव की दिशा में देश को आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में बार-बार होने वाले चुनावों से विकास कार्य रुकते हैं, जबकि एक साथ चुनाव होने से विकास की गति तेज होगी और जनता के हित में बेहतर निर्णय लिए जा सकेंगे। विधायक गजेन्द्र यादव ने अपील की है कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठते हुए ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ का समर्थन करें। संगोष्ठी के मुख्य वक्ता रहे डॉ. शकील हुसैन ने एक राष्ट्र एक चुनाव के महत्व और तकनीकी जानकारी को लेकर विस्तृत जानकारी उपस्थितजन को साझा किये। उन्होंने कहा चुनाव के दौरान आचार संहिता लगने के दौरान विकासकार्य प्रभावित होते हैं। एक चुनाव की आचार संहिता कई महीने चलती है। इस दौरान चुनाव के निर्देश पर पूरा प्रशासनिक अमला और सुरक्षाकर्मी व्यस्त रहते है। बार बार होने वाले चुनाव में शासन का हजारों करोड़ खर्च होते है, देश में एक साथ चुनाव होने सरकार का समय और करोड़ों की राशि की बचत होगी जिसे देश के विकास में लगाया जा सकेगा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, महापौर अलका बाघमार, सभापति श्याम शर्मा, चेम्बर के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन, जिला संयोजक राजेन्द्र पाध्ये, पूर्व मंत्री रामशीला साहू, पूर्व महापौर चन्द्रिका चंद्राकर, पूर्व अध्यक्ष उषा टावरी, दीपक चोपड़ा, अशोक राठी, मंडल अध्यक्ष, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा सहित जिला भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्त्तागण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *