पाटन। परिवहन और खनिज विभाग की अनदेखी के कारण खुलेआम बिना रॉयल्टी दिए और ओवरलोड ट्रकों का चलना सेलूद क्षेत्र में आम बात है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवहन विभाग और खनिज विभाग ऐसे वाहनों को कमाई का जरिया बना रहे है। शिकायत करने के बाद एक दो दिन कुछ गाड़ियों पर कारवाई कर खाना पूर्ति की जाती है उसके बाद तीसरे दिन से वही पुरानी ढर्रा शुरू हो जाती है।
गौरतलब हो कि क्षेत्र के सेलूद, मुड़पार, पतोरा,चुनकट्टा, गोंडपेंड्री, अचानकपुर, छाटा, धौराभांठा, परसाही,गुढियारी, ढौर सहित अन्य गांवों में दर्जनों भर से अधिक चुना पत्थर खदान है। जहां पर बिना रॉयल्टी पर्ची के ओवरलोड ट्रक व हाइवा सड़कों पर दौड़ रही है। साथ ही खारुन नदी के घाटों से ट्रेक्टर व हाईवा रेत भरकर सरपट दौड़ रही है। परिवहन विभाग और खनिज विभाग कभी कभार कारवाही कर खानापूर्ति करते है जिसके कारण शासन को रोजाना लाखों रुपए की राजस्व नुकसान हो रही है।
