रायपुर। देश में होली का त्यौहार बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। छत्तीसगढ़ राज्य सरकार द्वारा विधानसभा सत्र में तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता दिए जाने की घोषणा शासकीय सेवकों के लिए की गई है। लेकिन पेंशनरों के लिए इसकी घोषणा न होने से पेंशनर मानसिक रूप से निराश है तथा उनकी होली फीकी रहेगी। कर्मचारी नेता विजय कुमार झा ने बताया है कि यद्यपि शासकीय सेवकों के लिए महंगाई भत्ता की केवल घोषणा हुई है वास्तविक रूप से मार्च माह के वेतन में जोड़कर अप्रैल में भुगतान होगा। लेकिन वे मानसिक रूप से संतुष्ट है। किंतु पेंशनरों के लिए इसके आदेश जारी न होने व घोषणा न होने से वे मानसिक रूप से हतोत्साहित है। बुजुर्गों के लिए मानसिक व शारीरिक संतोष ही महत्वपूर्ण है। प्रदेश सरकार नरेंद्र मोदी जी की नीतियों को आत्मसात नहीं कर रही है। विदेश यात्रा में नरेंद्र मोदी को मिलने वाले सम्मान को उन्होंने अपने बुजुर्गों को पूर्व की पीढ़ियों को समर्पित किया है।लेकिन राज्य सरकार बुजुर्गों के सम्मान की अनदेखी कर रही है। ऐसी स्थिति में जुलाई 24 से दिए जाने वाला 3% महंगाई राहत तत्काल घोषित किए जाने की मांग मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से की गई है।
