सेलूद। गांधी चौक सेलूद में चल रही श्रीमद भागवत सप्ताह ज्ञान महायज्ञ में धर्म की गंगा बहाई जा रही है। वृंदावन के पंडित नागेंद्र महाराज ने कथा का वाचन करते लोगों को धर्म के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। सोमवार को कथा में नंदोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर कथावाचक ने नंदोत्सव का प्रसंग सुनाते हुए भजनों की भाव विभोर करने वाली प्रस्तुतियां दी, जिस पर श्रोतागण भक्तिरस में झूमने लगे। इसके साथ ही कथा में भगवान श्रीकृष्ण के बाल रूप की लीलाओं का सुंदर ढंग से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्णा का अद्भुत चरित्र जीवन की हर परिस्थितियों में हमें मुस्कुराने की प्रेरणा प्रदान करता है। इसलिए हमें उनके जीवन चरित्र से शिक्षा लेनी चाहिए। स्वयं के साथ-साथ दूसरे लोग भी खुश रहें और प्रसन्न रहें, ऐसा कार्य करना चाहिए।
कथावाचक पं. नागेंद्र महाराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण इस धरती पर धर्म की रक्षा के लिए आए थे। अधर्म की नीति का समाप्त करने के लिए भगवान खुद ही पृथ्वी पर आते हैं। उन्होंने कहा कि अनीति, अत्याचार, पाप, अनाचार और षडयंत्र कभी सफल नहीं होते हैं। यह क्षणिक होते हैं। लेकिन सद्चार, परोपकार, सद्कर्म, न्याय और नीति हमेशा स्थाई होते हैं। इंसान का जीवन इन्हीं आचारणों के करीब होना चाहिए।
