पाटन। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि, अगर एक सीट से 375 से अधिक प्रत्याशी हुए तो वहां चुनाव EVM की जगह बैलेट पेपर से होगा। ऐसे में कांग्रेस की जीत निश्चित है।
मंगलवार को पाटन विधानसभा के ग्राम आमालोरी में कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया था। कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने EVM पर फिर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि, इस बार लोकसभा चुनाव EVM से नहीं होने देना चाहते हैं। बैलेट पेपर से चुनाव हुआ तो भाजपा की असलियत सामने आ जाएगी।

कार्यकर्ताओं को बताया लोकसभा चुनाव का नियम
इस दौरान पूर्व CM बघेल ने कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव के नियम भी बताए। उन्होंने कहा कि अगर नाम वापसी के बाद 375 कैंडिडेट मैदान में रहे तो निर्वाचन आयोग को वहां बैलेट पेपर से चुनाव कराना होगा। इसलिए आप सभी लोग चुनाव मैदान में फार्म भरें। ऐसा करें को सभी जगह 375 से अधिक प्रत्याशी नाम वापसी के बाद रहें।

कार्यकर्ताओं को दिलाया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं को संकल्प दिया है कि वो सभी लोकसभा सीटों में 375 से अधिक कैंडीडेट की संख्या रखेंगे। हर हालत में ऐसा होना चाहिए की सभी सीट में 375 प्रत्याशियों से अधिक चुनाव मैदान में खड़ें हों। इससे EVM की सच्चाई अपने आप सामने आ जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा हुआ तो निश्चित तौर पर कांग्रेस सभी जगह जीत दर्ज करेगी।

बैलट से चुनाव की रखी मांग
कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हमसे कहा जाता है कि जब हार जाते हैं, तो EVM पर सवाल उठाते हैं। सच्चाई ये है कि कांग्रेस का शुरू से स्टैंड रहा है कि बैलेट से चुनाव होना चाहिए, क्योंकि EVM को हैक किया जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि 2018 में जब विधानसभा चुनाव जीत कर सरकार बनाई, तो उसके बाद निकाय चुनाव बैलट से कराया, जिसमें हमने जीत भी दर्ज की।
दूर्ग लोकसभा के काँग्रेस प्रत्याशी राजेन्द्र साहू ने कहा की लोकतंत्र व देश को बचाने का समय आ गया है। छग मे भाजपा सरकार आते ही राशन में कटौती कर दी है ना तो प्रधानमंत्री आवास मिल रहा है ना ही बेरोजगार को बेरोजगारी भत्ता। अब आपको देश को बचाने के लिये मतदान करना है।जिला कांग्रेस कमेटी दूर्ग ग्रामीण के अध्यक्ष निर्मल कोसरे ने कहा कि देश व सविधान दोनो खतरे में है।लोकतन्त्र के रक्षा की लड़ाई है।आजादी को बचाने की लड़ाई है।
मौके पर पाटन ब्लाक अध्यक्ष महेंद्र वर्मा, राजेश ठाकुर, हेमंत देवागन, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राकेश ठाकुर, चैतन्य बघेल, आशीष वर्मा, जिला पंचायत दूर्ग उपाध्यक्ष अशोक साहू, जिला पंचायत सदस्य मोनू साहू,नगर पंचायत पाटन अध्यक्ष भूपेंद्र कश्यप, अश्वनी साहू,कौशल चंद्राकर, हेमंत देवांगन,शंकर बघेल, दुर्गा कमलेश नेताम, जवाहर वर्मा, जयश्री वर्मा,जागेत्री साहू, पुरुषोत्तम तिवारी, देवकुमार निषाद,पवन पटेल, छोटू बघेल, अनिल चन्द्राकर,रूपचंद साहु, उर्वशी वर्मा, किरण चन्द्राकर, अजय सिंगौर, पालेस्वर ठाकुर,रमन टिकरिहा, नीरज सोनी, संतोष वर्मा,संतोषी तिवारी सहित अन्य उपस्थित थे।
