छत्तीसगढ़ की 17 स्वच्छता दीदियां अपने परिजन के साथ देखेंगी गणतंत्र दिवस समारोह

पाटन . 24 जनवरी 2024. उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पर विशेष अतिथि के रूप में गणतंत्र दिवस परेड देखने नई दिल्ली जा रहीं स्वच्छता दीदियों को झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने यात्रा के लिए स्वच्छता दीदियों और उनके परिजन को अपनी शुभकामनाएं दीं। केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ की 17 स्वच्छता दीदियों और उनके परिजन को नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह देखने विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है।ये स्वच्छता दीदियां 25 जनवरी को केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात भी करेंगी। स्वच्छता दीदियों और उनके परिजन की नई दिल्ली रवानगी के समय आज माना विमानतल पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक कुंदन कुमार, सूडा (SUDA) के सीईओ सौमिल रंजन चौबे और हुडको के क्षेत्रीय प्रमुख डॉ. विवेक गुप्ता भी मौजूद थे।उप मुख्यमंत्री श्री साव ने नई दिल्ली जा रहीं स्वच्छता दीदियों और उनके परिजन से विमानतल पर मुलाकात कर शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह आमंत्रण प्रदेश के शहरों को स्वच्छ बनाने में जुटी महिला शक्ति के काम का सम्मान है।

भारत सरकार के इस विशेष आमंत्रण से हमारी स्वच्छता दीदियों के साथ ही पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित हुआ है। केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने गणतंत्र दिवस परेड में विशेष अतिथि के रूप में नगर पंचायत पाटन से दो स्वच्छता दीदी , श्रीमती लता मंडलेश एवम श्री मंजू बारिक एवम गंडई नगर पंचायत की दो, कुम्हारी नगर पालिका की दो, खैरागढ़ नगर पालिका की एक, बिलासपुर नगर निगम की तीन तथा राजनांदगांव, दुर्ग, अंबिकापुर और कोरबा नगर निगम की दो-दो स्वच्छता दीदियों को आमंत्रित किया है। इन महिलाओं के साथ इनके एक-एक परिजन को भी आमंत्रित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *