पशुधन विकास विभाग के संचालक ने किया डेयरी एवं उन्नत नस्ल के वत्सों का अवलोकन तथा गौठान का निरीक्षण

कांकेर । पशुधन विकास विभाग के संचालक श्री माथेश्वरन व्ही. ने कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर विकासखण्ड का भ्रमण कर कृत्रिम गर्भाधान से पशुनस्ल सुधार एवं पशुओं के टीकाकरण की जानकारी ली। उनके द्वारा भानुप्रतापपुर विकासखण्ड के ग्राम कन्हारगांव के कृषक भुपेन्द्र कुलदीप पिता रामकृष्ण कुलदीप के डेयरी ईकाई का अवलोकन किया गया, उक्त डेयरी ईकाई की स्थापना 2017 में चार गायों से किया गया था। वर्तमान में उक्त डेयरी में कृत्रिम गर्भाधान से उत्पन्न 04 बछिया हैं, जिसमें एक गाय बन चुकी है एवं 02 बछिया गाभिन है। डेयरी ईकाई में प्रतिदिन 45 से 50 लीटर दूध होता है, जिससे उन्हें प्रतिमाह लगभग 24 हजार रूपये की आमदनी प्राप्त हो रही है।
डेयरी ईकाई के अवलोकन पश्चात संचालक माथेश्वरन ने ग्राम संबलपुर में पशुधन विकास विभाग द्वारा आयोजित काफ रैली में उन्नत नस्ल के वत्सों का अवलोकन भी किया। काफ रैली में रामबालक साहू, नेमीचंद, प्रमोद चोपड़ा, पप्पी बोथरा, प्रदीप कुमार, चन्द्रराखन यदु, गोवर्धन कुमार, संदीप कुमार, धनराज इत्यादि पशुपालकों द्वारा उन्नत नस्ल के बछड़ा, बछिया का प्रदर्शन किया गया था। काफ रैली में शामिल सभी वत्सों को पशुधन विकास विभाग के अधिकारी कर्मचारियों द्वारा कृमिनाशक दवा पिलाया गया। उन्नत नस्ल के वत्सों के अवलोकन पश्चात संचालक श्री माथेश्वरन ने अंतागढ़ विकासखण्ड के आदर्श गौठान बोदानांर का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर पशुधन विकास विभाग के उप संचालक डॉ एल.पी. सिंह, मुख्य ग्राम योजना के प्रभारी डॉ पी.एल. सरल, उद्यान विभाग के सहायक संचालक व्ही.के.गौतम सहित पशुधन विकास विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *