रायपुर. छत्तीसगढ़ में कोरोना के 29 नए मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने ट्वीट के जरिए बुधवार को 29 नए पॉजिटिव केस की पुष्टि की है। जांजगीर में 26, सरगुजा में दो और जशपुर में एक मरीज कोरोना पॉजिटिव मिला है। वहीं जशपुर के चार मरीजों को पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किया गया है। बेमेतरा जिले के भैसबोड कला में एक और कोरोना पॉजिटिव मिला है। 32 वर्षीय महिला हाल ही में उत्तर प्रदेश के गांजीबाद से लौटी है। 23 मई को उसका सैंपल जांच के लिए एम्स रायपुर भेजा गया था। मंगलवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उपचार के लिए कोविड अस्पताल रेफर किया गया है।
स्वास्थ विभाग के अमले के साथ गांव पहुंचे बीएमओ डॉ शरद कोहाडे संक्रमित महिला के बारे में डिटेल जानकारी लिया। पता चला कि गांव के क्वारंटाइन सेंटर में रहने के बाद रिपोर्ट आने से पहले ही महिला अपने घर चली गई थी और होम क्वारंटाइन में थी। स्वास्थ्य अमला महिला के पति के अलावा उसके संपर्क में आने वाले दस लोगों का पूरी जानकारी जुटा रहा है। यूपी से लौटने के दौरान उसकी टैवल हिस्ट्री भी खंगाली गई।
जिले में अब तक 25 पॉजिटिव, 11 अभी भी एक्टिव
बेेेमेतरा जिले में अब तक 25 पॉजिटिव प्रकरण मिल चुके हैं। इनमें 14 उपचार के बाद संक्रमण मुक्त हो गए है। 11 केस अभी भी एक्टिव हैं। इनमें 11 नवागढ़, 2 बेमेतरा और 1 साजा ब्लॉक से हैं। जिले से एम्स को अब तक 1478 सैंपल भेजा गया है जिसमे से 4 पॉजिटिव आए। 1474 सैंपल निगेटिव आया है। वहीं शासकीय मेडिकल कॉलेज रायपुर भेजे गए 1396 सैंपल में से 21 पॉजिटिव और 1375 निगेटिव आए।
नवागढ़ रेड जोन में
बेेमेतरा जिले में सर्वाधिक प्रकरण नवागढ ब्लॉक में मिले है। इसे देखते हुए नवागढ ब्लॉक को रेड जोन में रखा गया है। वहीं ग्रीन जोन वाले बेमेतरा ब्लॉक में नया 2 प्रकरण है। वहीं ऑन्रेज जोन के दायरे में आने वाले ब्लॉक साजा मे केवल एक एक्टिव प्रकरण है।
भैसबोड कला गांव में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद इसे कन्टेन्मेन्ट जोन घोषित किया गया है। साथ ही गांव को सील कर दिया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात किया गया है। डिप्टी कलेक्टर संदीप ठाकुर ने बताया कि गांव के चारों तरफ बेरिकेड्स लगाने का आदेश जारी कर दिया गया है। सभी दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों के बेवजह घर से बाहर निकलने पर सख्ती से मनाही कर दी गई है। अति आवश्यक वस्तुओं व सेवाओं की आपूर्ति व स्वाथ्यगत आपतकालीन सेवाएं ही जारी है ।
सीएमएचओ डॉ. एसके शर्मा ने बताया कि ग्राम भैसबोड में 32 वर्षीय महिला की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव है। महिला को इलाज के लिए हायर सेंटर शिफ्ट किया गया है। जिले में एक्टिव पॉजिटिव मरीजों की संख्या 11 हो गई है।
