बाह्य न्यायालय गरियाबंद, राजिम एवं देवभोग का जिला एवं सत्र न्यायाधीश रायपुर द्वारा औचक निरीक्षण किया गया

गरियाबंद@लोकेश्वर सिंहा। जिला एवं सत्र न्यायाधीश अब्दुल जाहिद कुरैशी रायपुर द्वारा अपर जिला एवं सत्र न्यायालय गरियाबंद, व्यवहार न्यायालय, राजिम एवं व्यवहार न्यायालय देवभोग का औचक निरीक्षण किया गया। देवभोग में व्यवहार न्यायालय एवं कर्मचारियों के आवास हेतु आबंटित भूमि का निरीक्षण कर संबंधित राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी से आबंटित भूमि की जानकारी ली गई तथा कलेक्टर जिला गरियाबंद को उक्त आबंटित भूमि के आवागमन हेतु आवश्यक पहुंचमार्ग हेतु अतिरिक्त भूमि आबंटित किये जाने के निर्देश दिये गये, साथ ही व्यवहार न्यायालय देवभोग के वाहन कार पार्किंग, आवागमन के सुविधा की उचित व्यवस्था किये जाने के निर्देश दिये गये। व्यवहार न्यायालय देवभोग, गरियाबंद एवं राजिम के सभी कक्षों का सूक्ष्मतापूर्वक निरीक्षण कर लोक निर्माण विभाग से उपस्थित कार्यपालन अभियंता एवं अनुविभागीय अधिकारी, लो0नि0वि0. गरियाबंद को आवश्यक मरम्मत कार्य कराये जाने हेतु निर्देश दिये गये एवं न्यायालयीन अधिकारी एवं कर्मचारियों को आवश्यक साफ-सफाई एवं वाहन कार पार्किंग, आवागमन के सुविधा की उचित व्यवस्था किये जाने व न्यायालय के सुचारू रूप से संचालन हेतु आवश्यक निर्देश दिये गये।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश / अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर अब्दुल जाहिद कुरैशी द्वारा अन्य न्यायिक अधिकारियों के साथ जिला जेल गरियाबंद का औचक निरीक्षण किया गया तथा बंदियों से रूबरू होकर स्वास्थ्य सुविधा, भोजन, विधिक सहायता, भेंट मुलाकात आदि की जानकारी ली गई तथा जेल में संचालित विडियो कांफसिंग रूम, पाठशाला, सुरक्षा व्यवस्था, सोलर फेसिंग प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण किया गया एवं भंडार कक्ष में उपलब्ध खाद्य सामग्री एवं संधारित पंजी का भी निरीक्षण किया गया एवं जेल प्रबंधन को प्रतिदिन बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही खाद्य व अन्य सामग्री हेतु पृथक से पंजी (पंचायतनामा पंजी) संधारण करने हेतु निर्देश दिया गया, साथ ही नियमित रूप से सभी कैदी एवं विचारधीन बंदी का हिस्ट्री टिकट संधारित रखने का निर्देश दिया गया।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश अब्दुल जाहिद कुरैशी रायपुर द्वारा सर्किट हाउस, गरियाबंद में मानीटरिंग कमेटी की मीटिंग ली गई जिसमें अपर जिला एवं सत्र न्यायालय गरियाबंद, व्यवहार न्यायालय राजिम एवं व्यवहार न्यायालय देवभोग के न्यायालयीन एवं प्रशासनिक समस्याओं के एजेण्डो एवं इन्फास्ट्रचर के संबंध में परिचर्चा की गई व्यवहार न्यायालय देवभोग, गरियाबंद के न्यायालय कर्मचारियों हेतु आबंटित भूमि, व्यवहार न्यायालय के सभी आवश्यक मरम्मत कार्य, गरियाबंद न्यायालय के न्यायालय में आवश्यक वारंट / समंस की तामिली, पॉक्सो एक्ट से संबंधित पीड़िता का नाम गोपनीय रखे जाने हेतु एवं माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा दिये गये दिशा निर्देश का पालन किये जाने संबंधी निर्देश दिये गये एवं समस्याओं के निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही किये जाने हेतु जिलाधीश, गरियाबंद, पुलिस अधीक्षक गरियाबंद एवं कार्यपालन अभियंता गरियाबंद व उपस्थित अन्य विभागों के अधिकारियो को निर्देशित किया गया। उक्त मीटिंग में माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश, रायपुर अब्दुल जाहिद कुरैशी, जिलाधीश आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक अमित तुकाराम काम्बले, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, एफटीएससी गरियाबंद / तालुका विधिक सेवा समिति गरियाबंद के अध्यक्ष यशवंत वासनीकर, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट छाया सिंह, ए०डी०एम० अविनाश भोई, अनुज शर्मा, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग, गरियाबंद, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व अन्य विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *