पाटन। विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा रखने वाले कांग्रेस के नेताओं के लिए उम्मीदवारी की प्रक्रिया 16 अगस्त से शुरू हो गई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक़ विधानसभा चुनाव में अपने उम्मीदवारी करने वाले 22 अगस्त तक अपने ब्लॉक के कांग्रेस प्रमुख के पास आवेदन कर सकेंगे।
इस कड़ी में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पाटन विधानसभा से कांग्रेस पार्टी से प्रत्याशी बनने के लिये ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पाटन अध्यक्ष महेंद्र वर्मा, रानितराई अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कुम्हारी ब्लॉक अध्यक्ष प्रमोद सिंह को अपना आवेदन दिया है। पाटन विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस से प्रत्याशी बनने एक मात्र आवेदन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दिया है।
गौरतलब हो कि आवेदन की इस प्रक्रिया के बाद ब्लॉक स्तर पर गठित कमिटी कुल आवेदनों में से पांच दावेदारों की अनुशंसा करेगी। इसके बाद जिला कांग्रेस कमिटी की बैठक में इन आवेदनों पर चर्चा और समीक्षा होगी। आवेदक के मूल्यांकन के बाद जिला कांग्रेस कमिटी इनमे से तीन दावेदारों की अनुशंसा प्रदेश कांग्रेस कमिटी को प्रेषित करेगी। वही अंतिम चरण में अनुशंसा सूची पर पीसीसी विचार करेगी।
