देवरी बंगला से केशव शर्मा की रिपोर्ट,,

देवरीबंगला / सुरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम मुढिया में महिला दामेश्वरी बढ़ाई (हलबा) उम्र 29 वर्ष की लाश घर में संदिग्ध परिस्थिति में मिली है। मामले में हत्या की आशंका बताई जा रही है। मंगलवार से पुलिस छानबीन कर रही है। पूछताछ के लिए पति बुधराम बढ़ाई को पुलिस थाने ले गई है। जानकारी के मुताबिक महिला की मौत सोमवार को दोपहर 3 से 4 बजे के बीच हुई है। पति द्वारा रिश्तेदारों को उसके सामान्य मौत की खबर दी थी। जब कुछ रिश्तेदार घर पहुंचे तो उन्हें सामान्य मौत नहीं लगी। धीरे-धीरे यह बात फैली की हत्या का मामला हो सकता है। रात में ही पुलिस टीम पहुंची। और लाश को निगरानी में रखा गया। मंगलवार को फिर सुबह से छानबीन शुरू की गई। महिला की मौत असल में कैसे हुई इसका स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। घटनास्थल पर डॉग स्क्वाड टीम, साइबर सेल सहित स्थानीय थाने की टीम जांच में जुटी हुई है। पीएम रिपोर्ट का भी इंतजार है। लाश की स्थिति देखने से ऐसा लग रहा है कि किसी ने या तो गला दबाया है या मुंह नाक दबाकर उसकी हत्या की है। लेकिन अभी इसकी अधिकृत पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से पूछताछ के बाद कोई बात सामने आ सकती है। मृतक महिला दामेश्वरी के 3 बच्चे हैं। जिनमें 4 साल का गिरीश कुमार, 3 साल का टेमांशु और 6 माह का बच्चा फिहेंद्र कुमार है। 5 साल पहले मृतिका की शादी बुधराम बढ़ाई से ग्राम गोडलवाही (डोंगरगांव) में हुई थी।प्रारंभिक पूछताछ में पति ने कहा कि पत्नी ने फांसी लगाई :-पुलिस सूत्रों के मुताबिक पति से पूछताछ जारी है। पति का कहना है कि मैंने कोई हत्या नहीं की है। बल्कि कल पत्नी से कुछ बात पर झगड़ा हुआ था। जिसके बाद उसने फांसी लगा ली थी। पुलिस जांच कर रही है। पीएम रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी कि पति सच बोल रहा है या झूठ। बुधराम शराब का आदी था।
