फेडरेशन ने नए वित्त सचिव का किया सम्मान, फेडरेशन की गतिविधियों से अवगत कराते हुए ज्वलंत समस्याओं के समाधान की रखी मांग


नवा रायपुर: छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रतिनिधियों ने आज मंत्रालय में नए वित्त सचिव अंकित आनंद का सम्मान करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी।नवनियुक्त वित्त सचिव को फेडरेशन द्वारा चरणबद्ध किए गए आंदोलन से अवगत कराते हुए प्रदेश के कर्मचारियों की लंबित मांगों के शीघ्र समाधान करने की मांग रखी।
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि आज मंत्रालय में वित्त सचिव अंकित आनंद से भेंट कर छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के द्वारा विगत 3 वर्षों से कर्मचारियों के विभिन्न मुद्दों को लेकर किए गए कलम रख,मशाल उठा एवम् अश्वासन नहीं समाधान आंदोलन से अवगत कराया गया।चर्चा के दौरान फेडरेशन द्वारा तीन सितंबर 2021 को 14 सूत्रीय मांगों को लेकर किए गए प्रदेशव्यापी आंदोलन से अवगत कराते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा इन मांगों को लेकर 17 सितंबर 2021 को गठित पिंगुआ कमेटी की रिपोर्ट के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई। वित्त सचिव जो कि मुख्यमंत्री के सचिव भी है, को चर्चा के दौरान समय समय पर मुख्यमंत्री से फेडरेशन के साथ विभिन्न मांगो को लेकर हुई चर्चा के संबंध में भी अवगत कराया गया।वित्त सचिव को प्रदेश के कर्मचारियों एवम् पेंशनरों को लंबित 9 प्रतिशत महंगाई भत्ता,सातवें वेतनमान के अनुसार गृह भाड़ा भत्ता, कांग्रेस जन घोषणा पत्र अनुसार क्रमशः 8,16,24 व 30 वर्ष में चार स्तरीय पदोन्नत वेतनमान, विभिन्न संवर्गों के वेतन विसंगति सहित अन्य लंबित मांगों के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल में संजय सिंह, देवलाल भारती, संतोष वर्मा शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *