**छुरा @@@@@ मईके सदन में चल रहे नियमित योग कक्षा में छत्तीसगढ़ योग आयोग का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जन जन तक योग को पहुंचाने के उद्देश्य से 25 अप्रैल 2017 को छत्तीसगढ़ शासन, समाज कल्याण विभाग द्वारा अधिसूचना जारी कर छत्तीसगढ़ योग आयोग का गठन किया गया। आयोग के गठन के बाद से प्रत्येक विकासखंड से युवाओं को प्रशिक्षित कर गांव-गांव, घर-घर तक योग को पहुंचाने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ योग शिक्षक महासंघ जिलाध्यक्ष, छत्तीसगढ़ योग आयोग के मास्टर
ट्रेनर योगविद् अर्जुन धनंजय सिन्हा 2014 से लगातार विकासखंड के प्रत्येक गांव में जाकर पांच दिवसीय नि:शुल्क योग एवं जन जागरूकता शिविर के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवन जीने की कला सिखा रहे हैं। विदित हो कि योगविद् अर्जुन धनंजय सिन्हा छुरा विकासखंड ही नहीं अपितु दूसरे जिला में भी जाकर 300 से अधिक पांच दिवसीय नि:शुल्क योग एवं जन जागरूकता शिविर आयोजित कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त अपने निवास मईके सदन में भी नियमित कक्षा द्वारा लोगों को निरोगी रहने के गुर सिखाते हैं। छत्तीसगढ़ योग आयोग के स्थापना दिवस के अवसर पर सेवानिवृत्त व्याख्याता के.आर. सिन्हा ने योग रूपी वैज्ञानिक विद्या को नियमित जीवन में अपनाने हेतु लोगों को प्रेरित किया। आगे कहा कि अष्टांग योग को अपनाकर व्यक्ति सदैव स्वस्थ रह सकता है। योग के साथ सुव्यस्थित दिनचर्या और सात्विक आहार हमें स्वस्थ रखने में महती भूमिका अदा करते हैं। इस अवसर पर साहित्यकार विनोद कुमार चौहान, योग साधकगण संजय कुमार कंवर, उमेश निषाद, पार्थ राव पांढरे, शिवम सेन आदि उपस्थित थे। संघ के संरक्षक यशवंत यादव, आयोग से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स शंकर लाल यदु, संतराम कंवर, गणेश आजाद, जागेश्वर ध्रुव, देवनारायण यदु, देवलाल यादव, फनेंद्र साहू, मिथलेश सिन्हा, गोविंदा नेताम, हेमलाल पटेल, भोज पटेल, घनश्याम साहू, हुबलाल पटेल, हेमलाल सिन्हा ने जनमानस को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए आयोग के गठन के उद्देश्य को सफल बनाने का आह्वान किया है।

