देवरीबंगला / जिले में अवैध शराब, जुआ, सट्टा, रेत के मामले को लेकर भाजपा ने जंगी प्रदर्शन किया। जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थी। पूर्व में एसपी को सूचना देने के बाद सोमवार को मारीबंगला बस स्टैंड मैं भाजपा मंडल खेरथा के नेतृत्व में 3 घंटा धरना प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा नेताओं ने जमकर अपनी भड़ास निकाली। जिला भाजपा के अध्यक्ष कृष्णकांत पवार ने कहा कि पूरा प्रदेश शराबमय हो गया है। व्यक्ति जहां खड़ा होता है वही शराब आसानी से मिल जाती है। चुनाव के पूर्व कांग्रेस ने गंगाजल हाथ में लेकर कसम खाई थी कि प्रदेश में शराबबंदी की जाएगी सरकार बनने के बाद भूपेश बघेल वादा भूल गए। जिले में शराब, जुआ, सट्टा तथा रेत का अवैध कारोबार बंद होना चाहिए। पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू ने कहा कि आज गांव गांव में महिलाएं अवैध कारोबार से परेशान है। गांव तथा घर में झगड़े, विवाद व अपराध बढ़ गए। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि मौन है। पूर्व विधायक डॉ बालमुकुंद देवांगन ने धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश अपराध का गढ़ बन गया है। शराबबंदी की बात करने वाली कांग्रेस की सरकार गांव गांव में शराब उपलब्ध करा रही है। पूर्व जिला पंचायत सभापति अभिषेक शुक्ला ने कहां की गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र में शराब का अवैध कारोबार जनप्रतिनिधि के इशारे पर संचालित हो रहा है। 80 दिन में 84 मामले अवैध शराब के दर्ज हुए हैं। क्षेत्र अपराधियों का गढ़ बन गया हैं। शराब बंद करने के स्थान पर नई शराब दुकानें खोली जा रही है। इस क्षेत्र में देवरीबंगला तथा संजारी मैं नई शराब दुकान शुरू की गई है। धरना प्रदर्शन को पूर्व विधायक राजेंद्र राय, पवन साहू, जिला पंचायत सदस्य संध्या भारद्वाज, पुष्पेंद्र चंद्राकर, चेमन देशमुख, मंडल अध्यक्ष टिनेश्वर बघेल ने भी संबोधित किया। आधा घंटा तक थाना का किया घेराव :- धरना स्थल से रैली निकालकर देवरी थाना पहुंच मेन गेट जाम कर दिया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस से धक्का-मुक्की हुई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पुलिस अवैध शराब जप्त कर बेचने वाले को छोड़ देती है। भंडेरा की महिलाएं अवैध कारोबार से परेशान है। ग्रामीणों द्वारा अवैध शराब बेचने की शिकायत करने पर पुलिस व प्रशासन अनसुना कर देती है। सरकार स्वयं अवैध कारोबार संचालित करवा रही है। थाना घेराव के दौरान भाजपा के जनपद उपाध्यक्ष पोषण बनपेला, शिव धरमगुड़े, ब्लॉक सरपंच संघ के अध्यक्ष पोषण देवांगन, उर्मिला साहू, भुनेश्वरी ठाकुर, जनपद सदस्य संतोषी ठाकुर, पुनिया ठाकुर, राधेश्याम देवांगन, मीना यादव, बिंदेश्वरी सिन्हा, पुष्पलता बघेल, भुनेश्वर साहसी, सरपंच उत्तम साहू सहित भाजपा कार्यकर्ता, ग्रामीण व महिलाएं उपस्थित थी। पुलिस लगातार अवैध शराब बेचने वालों पर कार्रवाई कर रही है। कोई शिकायत आने पर कार्रवाई की जाएगी। अरुण नेताम टी आई थाना देवरी अरुण

