रायपुर . जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के पूर्व अध्यक्ष नरायण कुर्रे ने देश के वर्तमान हालात पर चिंता जताते हुए कहा है कि प्रवासी मजदूरों की जो दुर्दशा टीवी और समाचार पत्रों में दिख रही है वह कम है। यदि हम सड़क पर खड़े होकर हकीकत देखें तो इन मजदूरों की स्थिति मर्माहत कर देती है। प्रवासी मजदूर अपने परिवार सहित भूखे प्यासे सैकड़ों-सैकडो़ किलोमीटर की यात्रा कर अपने घर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं, उनकी स्थिति बेहद त्रासदीपूर्ण है। सड़क दुर्घटनाओं में अभी तक सैकड़ों मजदूरों की जान जा चुकी है इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा ? इन प्रवासी मजदूरों को आर्थिक मदद देने की बजाय पैकेज के नाम पर एक बार फिर केंद्र सरकार ने झुनझुना पकड़ा दिया है।
श्री कुर्रे ने केंद्र सरकार द्वारा इन प्रवासी मजदूरों के लिए की गई व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा है कि यदि प्रारंभ में ही लॉकडाउन के पहले रणनीति बना ली गई होती और इन प्रवासी मजदूरों को अपने घर तक पहुंचने का समय दिया गया होता तो आज देश की यह भयानक स्थिति निर्मित नहीं होती। बिना सोचे समझे ट्रेन और ट्रांसपोर्ट के साधन बंद कर दिए गए, जिसके कारण आज स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई है।
कांग्रेस नेता कुर्रे ने छत्तीसगढ़ सरकार के मुखिया भूपेश बघेल की प्रशंसा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने स्वयं एवं अपनी टीम को जिस तरह लोगों की मदद के लिए सड़कों पर ला खड़ा किया, उसी का नतीजा है कि आज इस प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या न्यूनतम है। वही एक भी व्यक्ति की मौत अभी तक नहीं हुई है। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के दिशा निर्देश पर अन्य राज्यो से अपने राज्य के मजदूरों को ट्रेन ,बस एवं अन्य वाहनों की व्यवस्था से लायी जा रही है इसके साथ -साथ केंद्र सरकार से मदद के अभाव में विभिन्न प्रदेशों के प्रवासी मजदूर जो कि छत्तीसगढ़ से होकर के भूखे प्यासे पैदल गुजरते हुए अपने गंतव्य स्थान के लिए चल रहे हैं ऐसे प्रवासी मजदूरों के लिए भी चाय- नाश्ता एवं खाने के साथ-साथ उनको उचित स्थान पर छोड़ने के लिए वाहन की व्यवस्था की जा रही है जो सराहनीय तो है ही अन्य प्रदेशों के लिए प्रेरक भी है।
श्री कुर्रे ने राहुल गांधी द्वारा मीडिया से बातचीत के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि हमारे नेता ने स्पष्ट कहा है कि मजदूरों को अभी पैकेज के नाम पर बरगलाया जा रहा है जबकि उन्हें अभी नगदी की जरूरत है। राहुल गांधी ने साफ कहा कि इस समय केंद्र सरकार सिर्फ वाहवाही लूटने का काम कर रही है। उसके द्वारा घोषित राहत पैकेज का एक रूपया भी अभी तक इन प्रवासी मजदूरों तक नहीं पहुंचा है।
