रायपुर। छत्तीसगढ़ के कवर्धा स्थित गुरुकुल विद्यालय की एक अबोध साढ़े 4 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया है। उक्त बच्ची एक महिला कर्मचारी परिवार की अबोध सुपुत्री है। इससे नाराज कर्मचारियों ने अंबेडकर चौक में कैंडल मार्च कर, दोषी को फांसी देने की मांग करते हुए स्कूल प्रबंधन की मान्यता तत्काल समाप्त करने की मांग की है। छत्तीसगढ़ महिला पर्यवेक्षक कल्याण संघ की प्रांतीय अध्यक्ष श्रीमती रितु परिहार एवं प्रवक्ता विजय कुमार झा ने बताया है कि कवर्धा स्थित गुरुकुल विद्यालय में अध्ययनरत अबोध साढ़े 4 साल की बच्ची के साथ बस के कंडक्टर द्वारा घिनौना कृत्य किया गया है। इससे पूरे प्रदेश के कर्मचारियों में आक्रोश है। कवर्धा पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव एवं स्कूल प्रबंधन की मान्यता निरस्त करने तथा दोषी को फांसी देने की मांग करते हुए कवर्धा में घेराव प्रदर्शन किया गया इसी कड़ी में पर्यवेक्षक संघ की महिला सदस्य एवं तृतीय वर्ग तथा राज्य कर्मचारी संघ के नेताओं ने इस घिनौना हृदय विदारक घटना के विरोध में अंबेडकर चौक पर कैंडल मार्च निकालकर अपनी भावना व्यक्त करते हुए पीड़ित महिला बच्ची एवं उसके परिवार की सुरक्षा की मांग मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल एवं गृह मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू से करते हुए अविलंब दोषी के गिरफ्तारी की मांग की है। ऐसी आशंका है कि उक्त कंडक्टर द्वारा एक बार नहीं बल्कि अनेक बार ऐसा घिनौना कृत्य किया गया है। कर्मचारियों में इस बात की नाराजगी है कि बसों में स्कूल शिक्षा विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग द्वारा जारी दिशा निर्देश का कड़ाई से पालन न करने के कारण ऐसी घटनाएं लगातार हो रही है। स्वयं महिला बाल विकास के कर्मचारी के बच्चे सुरक्षित न हो तो बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा अव्यवहारिक साबित हो रहा है। प्रदर्शन में प्रमुख रूप से श्रीमती रितु परिहार प्रांतीय अध्यक्ष, कर्मचारी नेता विजय कुमार झा, श्रीमती याचना शुक्ला,कोषाध्यक्ष, श्रीमती रंजना ठाकुर संरक्षक, श्रीमती साधना चौधरी, जयश्री वर्मा, राजकुमारी दिवेदी,अर्चना त्रिपाठी, गोपाल प्रसाद साहू संरक्षक अनियमित कर्मचारी संयुक्त मोर्चा, अश्वनी चेलक महामंत्री, पूरन पटेल, नागेंद्र सिंह विजय डागा, भजन बाघ, मुरली शर्मा, केव्ही आयंगर, बलराम निषाद, टोमेश साहू, सहित सैकड़ों कर्मचारी शामिल थे। श्री विजय झा ने कहा है कि यदि तत्काल गिरफ्तारी एवं पुलिस कार्यवाही नहीं हुआ तो आंदोलन विरोध, प्रदर्शन को प्रांतव्यापी विस्तार किया जावेगा।
