अधिक दर पर नमक बेचे जाने की सूचना पर अनेक दुकानों में कराई गई जांच निर्धारित दर से अधिक दाम मे बेचने पर होगी कार्यवाही


बेमेतरा. कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी शिव अनंत तायल ने नमक की कालाबाजारी तथा अधिक दर पर बेचे जाने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों की टीम बनाकर पूरे जिले में अनेक स्थानों में जांच कराई गई। जांच में निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर नमक बेचना पाया गया। एसडीएम साजा की टीम द्वारा कल देवकर के दुकानों की जांच कर व्यवसायी लेखचंद जैन की दुकान को सील किया गया। कलेक्टर श्री तायल ने इसी मामले में खाद्य विभाग के अधिकारियों को अधिक दर पर नमक विक्रय किया जाना पाए जाने पर दुकानों को सील करते हुए संबंधित के विरूद्ध कठोर दण्डात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अनुविभागीय दण्डाधिकारी बेमेतरा, नवागढ़, बेरला एवं उनकी टीम द्वारा आज मंगलवार को शहर के विभिन्न दुकानों की आकस्मिक जांच की।
खाद्य अधिकारी ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, खाद्य अधिकारी, तहसीलदार, खाद्य निरीक्षक तथा नगरीय निकायों के अधिकारियों द्वारा आज ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अनेक स्थानों पर दुकानों की जांच की गई। दुकानों में अधिक दर पर नमक बेचने की शिकायत सही पाई गई। अन्य दुकानों में की गई जांच में पर्याप्त मात्रा में नमक होना पाया गया। अधिक दर पर नमक बेचने की शिकायत के संबंध में अधिकारियों ने गोपनीय रूप से नमक की खरीदी खुदरा दुकानों से कराई गई। इन दुकानों में उचित दर पर नमक का विक्रय किया जाना पाया गया।


खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिले की दुकानों में पर्याप्त मात्रा में नमक उपलब्ध है। इस संबंध में किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के विरूद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त शासकीय उचित मूल्य दुकानों से वितरित किए जाने वाले नमक का भी पर्याप्त स्टॉक शासकीय गोदामों में उपलब्ध है। उन्होने ने बताया कि नमक के पैकेट में उल्लेखित अंकित मूल्य से अधिक मूल्य पर नमक का विक्रय नहीं किया जाएगा। ऐसे नमक पैकेट जिनमें अधिकतम विक्रय मूल्य अंकित नहीं है। उन्हें 10 रूपए प्रति किलो की दर से बेचा जाएगा। शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित दुकान को सील करते हुए दुकानदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्री तायल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में कही पर भी नमक की कमी नहीं है। नमक की दो रेक पहले से ही अनलोड हो रही है। उपभोक्ताओं को चिंता करने की जरूरत नहीं है। श्री तायल ने कहा कि बेमेतरा जिले में नमक की कमी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *