खबर हेमंत तिवारी ,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,, छुरा :- छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राम नाम संकीर्तन को जनमानस तक पहुंचाने के पुनीत उद्देश्य से विभिन्न स्तरों पर श्री रामचरित मानस गान प्रतियोगिता का आयोजन विगत वर्ष से किया जा रहा है। इसी कड़ी में नगरीय निकाय स्तरीय प्रतियोगिता मां शीतला मंदिर प्रांगण छुरा में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। नगर पंचायत उपाध्यक्ष रिंकू सचदेव, सभापति भोलेशंकर जायसवाल, पार्षद पंचराम टंडन, पार्षद प्रतिनिधि हिरेंद्र साहू, पार्षद श्रीमती मीना चंद्राकर, श्रीमती रजनी लहरे, बजरंग पांडे के द्वारा मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री रामचंद्र, पावन राम दरबार एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर अक्षत, कुमकुम, पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलन के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह नगर पंचायत अध्यक्ष खोमन चंद्राकर, उपाध्यक्ष रिंकू सचदेव, वरिष्ठ पार्षद यशपेंद्र शाह, मक्खू दीक्षित, हरीश यादव, भोले शंकर जायसवाल, पंचराम टंडन, हिरेंद्र साहू के आतिथ्य में संपन्न हुआ। मुख्य नगरपालिका अधिकारी सचित साहू ने श्री रामचरित मानस गान प्रतियोगिता के मूल उद्देश्य को सारगर्भित शब्दों में रखा। उन्होंने कहा कि श्रीरामचरितमानस का बखान करने वाली सभी मंडली का छत्तीसगढ़ शासन संस्कृति विभाग के चिन्हारी पोर्टल पर पंजीयन किया जा चुका है। चिन्हारी अंतर्गत पंजीकृत सभी मंडली को वाद्य यंत्र क्रय करने हेतु पांच हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता में नीर क्षीर विवेकी सेवानिवृत्त व्याख्याता के.आर. सिन्हा, से.नि.प्रधानपाठक एस.आर. निषाद एवं वरिष्ठ शिक्षक एम.एल. सेन ने निर्णायक की भूमिका अदा किया। प्रथम पुष्प के रुप में मंचासीन मंदाकिनी मानस परिवार गादीकोट छुरा ने बालकांड पर सुमधुर संगीत के साथ श्रीराम जी के आदर्शो को अपनाने का संदेश दिया। योग ऋषि मानस परिवार द्वारा शास्त्रीय संगीत की छटा बिखेरते हुए अरण्यकाण्ड पर संगीतमयी व्याख्यान से शबरी के वात्सल्य, निश्छल प्रेम, भक्त भगवान के मधुर संबंधों को कथा के माध्यम से जनमानस तक पहुंचाया। शिक्षक मानस परिवार द्वारा अयोध्या कांड केवट प्रसंग पर मनभावन प्रस्तुति से भगवत प्राप्ति के लिए पथ प्रदर्शन किया। बेहद रोमांचक एवं दिलचस्प मुकाबले में शिक्षक मानस परिवार प्रथम, योग ऋषि मानस परिवार द्वितीय, मंदाकिनी मानस परिवार तृतीय स्थान अर्जित किया। सभी मंचस्थ मानस मंडली, निर्णायको एवं मंच संचालकों को श्री राम टोकरी, श्री राम दरबार की पावन तस्वीर, श्रीफल, वैदिक कैलेंडर एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। नगरीय स्तर पर प्रथम आने वाली मंडली, जनपद स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए चयनित हुई। कार्यक्रम का संचालन श्री राघवेंद्र मानस संघ के अध्यक्ष जागेश्वर ध्रुव, समाजसेवी शीतल ध्रुव एवं योगविद शिक्षक अर्जुन धनंजय सिन्हा ने किया। आभार प्रदर्शन नगर पंचायत के एकाउंटेंट जितेन्द्र पाटकर ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में नगरवासियों ने राम नाम के संदेश का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। समारोह में मुख्य रूप से नगर के वरिष्ठ नागरिक नथमल शर्मा, शिक्षक सी.आर. सिन्हा, समाजसेवी मनोज पटेल, पुनीत ठाकुर, कृष्णा पटेल, पूर्व पार्षद राजकुमारी सोनी, नगर पंचायत के कैशियर वीरेंद्र ठाकुर, कर्मचारीगण रामाधार यादव, परमेश्वर, कमलेश, धनेश्वर नाग, मिथलेश सिन्हा, दीपक साहू सहित बड़ी संख्या में मातृ शक्ति, पितृ शक्ति उपस्थित थे।

