खरसिया। नाबार्ड जल ग्रहण परियोजना तेंदूमुड़ी-कुकरीचोली छोटे- जामपाली, वि.ख. खरसिया के अंतर्गत दिनांक 29 नवंबर 2022 को ग्राम तेंदूमुड़ी स्थित ग्रामीण ज्ञान केंद्र (विलेज नॉलेज सेंटर) का लोकार्पण श्रीमती सुपर्णा टंडन,सी.जी.एम. नाबार्ड (आर.ओ.) रायपुर द्वारा किया गया। इस ज्ञान केंद्र में उन्नत आईटी सुविधाएं, उपयोगी किताबें, मंडी दरों के आंकलन हेतु पत्रिका एवम जलवायु परिवर्तन से निपटने हेतु विकल्प मौजूद रहेंगे।
लोकार्पण के बाद नाबार्ड जल ग्रहण परियोजना के अंतर्गत ग्राम तेंदूमुड़ी-कुकरीचोली- छोटे जामपाली में अभी तक जो भी कार्य करवाए गए हैं, उनका निरीक्षण एव अवलोकन भी किया गया। तपन कुमार सेठी, डी.डी.एम., नाबार्ड द्वारा नाबार्ड के वरिष्ठ अधिकारी को परियोजना के अंर्तगत करवाए गए अन्य कार्य जैसे डबरी निर्माण, फार्म बंड: निर्माण एवम मरम्मत, कुंआ रिचार्ज, लूज बोल्डर निर्माण, ड्रेनेज लाइन ट्रीटमेंट आदि का स्थल निरीक्षण करवाया गया।

निरीक्षण के दौरान ग्राम की अन्य गतिविधियां जैसे स्वयं सहायता समूह के कार्य, गोठान एवं बकरी पालन एवम बांस आधारित प्रशिक्षण आदि का भी अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान सीजीएम नाबार्ड ने नाबार्ड की 5 ‘ज’ आधारित योजना (जल, जंगल, जानवर, जमीन और जन) पर प्रकाश डालते हुए नाबार्ड की वर्तमान योजनाएं एवं ग्रामीण इन योजनाओं का कैसे लाभ ले सकते हैं इस पर प्रकाश डाला गया। इस कार्यक्रम के दौरान ग्राम तेंदुमुडी के सरपंच खेमचंद राठिया द्वारा नाबार्ड के वरिष्ठ अधिकारी का आभार जताते हुए स्थानीय मितानिन को सम्मान और पुरस्कार दिया गया। इस दौरान ग्राम की जरूरत को ध्यान में रखते हुए एक हाट बाजार को मांग भी की गई।

जल ग्रहण परियोजना के क्रियान्वयन एजेंसी जनमित्रम कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री मनीष सिंह एवं सचिव डॉ मुकेश गोस्वामी ने बताया की किस तरह से ये परियोजना प्रारंभ हुई और नाबार्ड की भुमिका ग्राम के सर्वांगीण विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। कार्यक्रम का संचालन जनमित्रम की ओर से कृपाल सिदार ने किया तथा पूरे परियोजना का निर्वहन जीवन लाल भगत और दिलमोहन राठिया द्वारा किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान जलग्रहण समिती शंकर पाठ के सभी सदस्य उपस्थित रहे। श्रीमति सुपर्णा टंडन, सी. जी.एम. नाबार्ड एवं तपन सेठी, डी.डी.एम. नाबार्ड परियोजना के कार्यों का सुनियोजित तरीके से निर्वहन के लिए जनमित्रम कल्याण समिति, प्रोग्राम निर्वहन एजेंसी की सराहना की गई।
