- कर्मवीर युवा संगठन ने किया रक्तदान शिविर का आयोजन, रक्तवीरों का किया गया सम्मान
रोशन सिंह@उतई ।– नेहरू युवा केन्द्र दुर्ग युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार से सम्बद्ध कर्मवीर युवा संगठन कातरो द्वारा ग्राम के साहू भवन में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के समन्वयक जितेंद्र सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि नेहरू युवा केन्द्र संगठन के 50वीं स्थापना दिवस के अवसर पर केंद्र से सम्बंधित युवा मंडल व आशीर्वाद ब्लड बैंक नेहरू नगर भिलाई के सहयोग से विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान नेहरू युवा केन्द्र दुर्ग जिला युवा अधिकारी नितिन शर्मा, शौर्य संगठन अध्यक्ष फलेंद्र पटेल, एनवाईके दुर्ग सलाहकार एवं शौर्य संगठन सचिव आदित्य भारद्वाज, एनवाईवी यादवेंद्र साहू सहित ग्राम कातरो के वरिष्ठजन विशेष रूप से उपस्थित होकर युवाओं को प्रेरित किया।
शिविर में लगभग 40 युवाओं ने रक्तदान किया सभी रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। सभी रक्तदाताओं को कर्मवीर युवा संगठन के आगामी कार्यक्रम में प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
नेहरू युवा केन्द्र दुर्ग जिला युवा अधिकारी नितिन शर्मा ने शिविर में अपना 36वां रक्तदान करते हुए युवाओं को रक्तदान करने प्रेरित किया। कहा समाज मे फैली भ्रांतियों को दूर करने में युवा वर्ग ही महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। प्रदेश में ऐसे लाखों जरूरतमंद है जिन्हें रक्त की जरूरत है। नीतिन शर्मा ने आव्हान करते हुए कहा सभी युवा नियमित रक्तदान करें एवं नए लोगों को प्रेरित कर सामाजिक सरोकार की भावना को जागृत करें।
एनवाईवी यादवेंद्र साहू ने बताया कि शौर्य संगठन एवं एनवाईके दुर्ग के नेतृत्व में पूरे छग में औसतन 2 यूनिट रक्त प्रतिदिन प्रदान की जा रही है। यादवेन्द्र ने रक्तदान के फायदे बताते हुए कहा नियमित रक्तदान करने से कैंसर सहित अन्य बीमारियाें का खतरा कम हो जाता है। रक्तदान से सबसे बड़ा फायदा यह होता है कि हमारे शरीर का वजन, ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन, मलेरिया, एचआईवी, वीडीआरएल जैसे दर्जनभर जांचें निःशुल्क हो जाती हैं।
आशीर्वाद ब्लड बैंक के संचालक विकास जायसवाल के नेतृत्व में सोनू देवांगन, डिलेश्वर चौहान, स्वीटी, सूरज, नोमेश कुमार ने शिविर को सम्पन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिविर को सफल बनाने में डॉ ललित, शुभम सोनी, केवल, नितेश, आलोक, युवराज, ऋषि साहू, देवेंद्र, ऋषि देवांगन, रजत, रितु कुम्भकार, लक्ष्मीसाहू, मनीष, झमिता सहित कर्मवीर युवा संगठन कातरो के सदस्यों ने सराहनीय योगदान किया।
