IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप 2022 के महामुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 4 विकेट से पीटकर सभी देशवासियों को छोटी दिवाली पर जीत का शानदार तोहफा दिया है. देशभर में भारतीय क्रिकेट टीम की जीत पर दीये जल रहे हैं. भारतीय गेंदबाजों ने पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान टीम को 8 विकेट पर 159 रनों पर रोक दिया था. इस तरह टीम इंडिया के सामने जीत के लिए 160 रनों का टारगेट था. जवाब में टीम इंडिया ने 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 160 रन बनाकर मैच जीत लिया. टीम इंडिया के लिए स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 82 रन बनाए.
पाकिस्तान ने 8 विकेट पर बनाए थे 159 रन
अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर भारत ने पाकिस्तान को 8 विकेट पर 159 रनों पर रोक दिया था. अर्शदीप ने चार ओवर में 32 रन देकर तीन विकेट लिए. उन्होंने पहले दो ओवर में ही पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम (0) और मोहम्मद रिजवान (4) को आउट करके भारत को शानदार शुरुआत दिलाई.
इसके बाद एशिया कप में जबरदस्त प्रदर्शन करने वाले पांड्या ने 30 रन देकर तीन विकेट लिए. पाकिस्तान के लिए इफ्तिखार अहमद ने 51 रन बनाए और भारतीय गेंदबाजों के सामने बिल्कुल सहज दिखे. स्पिनर आर अश्विन और अक्षर पटेल जूझते नजर आये लिहाजा छठे गेंदबाज पांड्या ने चार ओवर डाले. शान मसूद ने 42 गेंद में 52 रन बनाए।
