लोकेश्वर सिन्हा (news24carate,)—
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई लगातार जारी है। राजधानी रायपुर कोरबा, रायगढ़ के बाद अब जांच का दायरा बढ़ते हुए गरियाबंद जिले तक पहुंच गया है।
मंगलवार को सुबह 5:30 बजे रायगढ़ कलेक्टर रानू साहू के मायके में ईडी के अफसरों ने दबिश दी है। गरियाबंद जिले के छुरा तहसील के ग्राम पाण्डुका में दो अलग-अलग जगहों पर रायगढ़ कलेक्टर रानू साहू के माता-पिता और चचेरे भाई के घर में ईडी अधिकारी दस्तावेज़ खंगाल रहे थे। कलेक्टर रानू साहू के भाई के पूनम ज्वेलर्स एवं हार्डवेयर की दुकान को भी जांच के दायरे में लिया है।
सीआरपीएफ के सशस्त्र अफसर रानू के माता-पिता औऱ चचेरे भाई के घर तैनात किये गए थे। जानकारी के मुताबिक रायगढ़ कलेक्टर रानू साहू के मायके में सफेद कलर के 3 अलग-अलग इनोवा कार में ईडी के अधिकारी पहुंचे हैं। ईडी की इस कार्रवाई के दौरान किसी भी व्यक्ति को परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया।।
रानू साहू के मायके में ईडी जॉंच पड़ताल में क्या कुछ बरामद हुए इसकी कोई पुख़्ता जानकारी अबतक सामने नहीं आये है
लेकिन इडी अधिकारी ने एचडीएफसी बैंक पाण्डुका की महिला कैशियर को साथ अंदर ले गए थे, शायद उनसे बैंक लेनदेन सबंधी पूछताछ किया गया है। बैंक के महिला कैशियर को अंदर लेने जाने को लेकर तरह-तरह के कयास लगाया जा रहा है।
आईएएस रानू साहू के जन्मस्थली पाण्डुका गांव में रानू साहू के पिता, माता, भाई सपत्नीक रहते है। रायगढ़ कलेक्टर रानू साहू का चचेरे भाई से नजदीकियां रही हैं शायद इन्ही दृष्टिकोण के चलते उनके घर मे भी ईडी के अधिकारी खोजबीन कर रहे थे।
आपकों बता दें बीते दिनों प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने रायपुर, दुर्ग, रायगढ़ और महासमुंद के कई ठिकानों पर दबिश दी थी। इसमें 3 आईएएस, कांग्रेस नेता समेत कोयला कारोबारी शामिल थे। आईएएस समीर विश्नोई समेत तीन अन्य को विशेष अदालत ने 8 दिनों की रिमांड पर भेजा है। कोयला कारोबार में वित्तीय लेन-देन और मनी लॉड्रिंग की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय ने समीर विश्नोई, कोयला कारोबारी सुनील अग्रवाल और फरार चल रहे सूर्यकांत तिवारी के चाचा लक्ष्मीकांत तिवारी को कोर्ट में पेश किया था।
बीते दिनों रायगढ़ कलेक्टर रानू साहू के रायगढ़ स्थित सरकारी बंगले में ईडी की टीम ने जांच की थी। इस दौरान आईएएस रानू साहू भी साथ रहीं। बता दें कि रायगढ़ कलेक्टर के सरकारी आवास को ईडी ने सील कर दिया था। रानू साहू ने ईडी को मेल कर सरकारी बंगले को अनसील करने का अनुरोध किया था, जिसके बाद ईडी की टीम और रायगढ़ कलेक्टर रानू साहू कलेक्टर बंगले पहुंचे थे। वहीं आज ईडी की टीम उनके पैतृक गृह ग्राम पांडुका पहुंचकर दस्तावेजों की जांच कर रही है। ईडी के अफसर सुबह 5 बजे पाण्डुका पहुँच गए थे। ईडी टीम ने पाण्डुका में एक साथ दो ठिकानों पर छापा मारा है।
पंचनामा में शामिल हुए व्यक्ति ने इस सबंध में बताया कि रानू साहू के चचेरे भाई के घर जांच में ऐसा कुछ भी बरामद नहीं हुआ और जांच पश्चात टीम वापस लौट गए। वहीँ देर शाम तक रायगढ़ कलेक्टर रानू साहू के माता-पिता के घर में जांच चल रहा था।

