बाल रचनाकारों हेतु प्रदेश स्तरीय कहानी लेखन स्पर्धा

रायपुर। वक्ता मंच रायपुर, ज्ञान मुद्रा पब्लिकेशन भोपाल एवं ज्ञान मुद्रा किताब क्लब रायपुर द्वारा संयुक्त रूप से बच्चों में पुस्तक पढ़ने एवं लिखने की अभिरुचि जागृत करने हेतु बाल रचनाकारों के लिये कहानी लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ प्रदेश में निवासरत 10 से 17 आयु वर्ग के बालक व बालिकायें भाग ले सकते है।प्रतिभागी को किसी भी विषय पर हिंदी भाषा में अधिकतम 750 शब्दों में कहानी लिखनी है। प्रतिभागी 20 अगस्त 2022 के पूर्व rajeshparate1311@gmail.com के पते पर अपनी प्रविष्टियाँ मेल कर सकते है। आयोजक संस्थाओं की ओर से राजेश पराते ने एक प्रेस विज्ञप्ति में जानकारी दी है कि प्रतिभागी को मौलिकता का प्रमाण पत्र संलग्न करना होगा। स्पर्धा के अंतर्गत 10 सर्वश्रेष्ठ रचनाओं को पुरस्कृत किया जायेगा तथा समस्त स्तरीय रचनाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जायेगा। निर्णायक मंडल में छत्तीसगढ़ के लब्ध प्रतिष्ठित साहित्यकारों को सम्मिलित किया जा रहा है। निर्णायक मंडल का निर्णय अंतिम व मान्य होगा तथा इस पर कोई विवाद नहीं होगा। रायपुर में एक भव्य समारोह का आयोजन कर पुरस्कार वितरण किया जायेगा। समस्त स्तरीय लेखकों को डिजिटल प्रमाण पत्र भी प्रेषित किये जायेंगे। स्पर्धा के अंतर्गत पुरस्कृत रचनाओं के प्रकाशन की व्यवस्था ज्ञान मुद्रा पब्लिकेशन द्वारा की जायेगी। प्रदेश में बाल लेखकों को आगे लाने तथा उन्हें प्रोत्साहन व मंच प्रदान करने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। विस्तृत जानकारी हेतु वक्ता मंच के संयोजक शुभम साहू से 9165599995 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *