बच्चों के सुपोषण के लिए उनके वजन की जानकारी होना जरूरी है

पाटन। बच्चों में कुपोषण का स्तर जांचने और सुपोषण के प्रति समुदाय को जागरूक लाने के लिए अगस्त से दुर्ग जिले की सभी आंगनबाड़ियों में वजन त्यौहार शुरू किया गया है। पाटन ब्लॉक के ग्राम अचनाकपुर के आँगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 01 में बुधवार को वजन त्यौहार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पालकों की उपस्थिति में आंगनबाड़ियों में बच्चों का वजन और ऊंचाई लिया गया। इसके आधार पर बच्चों की उम्र के आधार पर उनके पोषण स्तर का निर्धारण होगा।
सुपरवाइजर संध्या सिंह ने वजन त्यौहार पर कहा कि ” बच्चों के सुपोषण के लिए उनके वजन की जानकारी होना जरूरी है। बच्चों को पौष्टिक आहार देते हुए उनके विकास की मॉनिटरिंग करना है। सामुदायिक सहभागिता से सुपोषण के प्रति जागरूकता लाने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने शिशुवती माताओं को अपने बच्चों को 6 माह तक नियमित स्तनपान कराने की बात कही।

वजन त्यौहार में प्रत्येक परिवार को उनके बच्चों की सही पोषण स्थिति से अवगत कराते हुए प्रत्येक गांव में कम वजन वाले बच्चों को चिन्हित कर कुपोषण की सही स्थिति का पता लगाया जाएगा। कुपोषण की सही स्थिति को जानकर प्रत्येक बच्चे की जानकारी सॉफ्टवेयर में दर्ज कर राज्य में कुपोषित बच्चों की स्थिति का डाटाबेस तैयार किया जाएगा. राज्य के प्रत्येक केन्द्र, ग्राम पंचायत, विकासखंड में कुपोषण की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए कुपोषण कम करने कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

मौके पर प्रमुख रूप से एमसीसीआर सदस्य किशन हिरवानी, सुपरवाइजर संध्या सिंह, नोडल अधिकारी जितेंद्र ठाकुर, सरपंच हेमंत ठाकुर, विनोद साहू,खेमलता साहू,बूंदा साहू सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *