बिना मास्क लगाए घूमने वाले 284 लोगो पर निगम ने लगाया 69,200 रुपए जुर्माना जोन क्रमांक 2 में सबसे ज्यादा 152 कार्यवाही

भिलाईनगर. निगमायुक्त ऋतुराज रघुवंशी के निर्देश पर बिना मास्क लगाए या फेस कवर किए बिना ही घर से बाहर निकलने वालों, सड़क पर थूकने वालों, अनावश्यक विचरण करने वालों, वाहन पर अधिक सवारी पर निगम की टीम ने आज सुबह से ही कार्यवाही करना प्रारंभ कर दिया था। टीम प्रातः से ही सुपेला, गदा चौक, पावर हाउस, चंद्रा मौर्य, वैशालीनगर, एकता चौक, नेहरू नगर, सेक्टर 06 चौक सहित विभिन्न क्षेत्रों के चौक चौराहों पर निगम की टीम बिना मास्क लगाए आने जाने वालों को रोककर 200 रूपए की अर्थदंड वसूलने की कार्यवाही किए। कई स्थानों पर अर्थदंड लेने के बाद लोगों को मास्क भी प्रदान किया गया जिसमें एकता नगर चौक सम्मिलित है। भिलाई निगम के सभी जोन में जोन आयुक्त के निर्देशन में निगम कर्मचारियों की टीम बनाकर अपने-अपने क्षेत्र में दुपहिया व चार पहिया वाहनों में अधिक सवारी वाले की माॅनिटरिंग किए अधिक लोग बैठे पाए जाने पर उनसे भी अर्थदंड लिया गया। नगर पालिक निगम, भिलाई क्षेत्र में कोविड – 19 नोवल कोरोना वायरस के रोकथाम एवं बचाव के लिए घर से बाहर निकलते समय मास्क पहनना या अन्य कोई उपाय से फेस कवर करना अनिवार्य कर दिया है। घर से बाहर निकलते समय कपड़े का बना हुआ, दो या तीन प्लाई के मास्क को मुंह, नाक व ठोडी का हिस्सा कवर करते हुए उपयोग किया जा सकता है ताकि कोरोना के किसी व्यक्ति के नजदीक आने छींकने या खांसने से फैलने वाले संक्रमण से बचाव हो सके। घर से बाहर निकलने पर पैदल चलने वाले, साईकिल चालक, दो पहिया या चार पहिया वाहन में हो सभी को मास्क लगाना अनिवार्य है इसके अलावा बाजार व दुकानों में विक्रेता तथा ग्राहक को भी लेन देन के दौरान फेस कवर करने के साथ ही सोशल डिस्टेंस का पालन अतिआवश्यक रूप से किया जाना है। भिलाई निगम क्षेत्र में नियमों की अवहेलना करने वाले लोगों पर कार्यवाही की गई जिसमें जोन क्रं. 01 में नेहरू नगर, स्मृतिनगर, जुनवानी क्षेत्र में 38 लोगों से 7500, जोन क्रं. 02 में एकता चौक, कुरूद चौक व वैशालीनगर गोल मार्केट में 152 लोगों से 31600, जोन क्रं. 03 मदरटेरेसा नगर के चंद्रा मौर्या, पावर हाउस क्षेत्र में 31 लोगों से 16000, जोन क्रं. 04 शिवाजी नगर, अंडा चौक, खुर्सीपार क्षेत्र में 18 लोगों से 4000 जोन क्रं. 05 के सेक्टर एरिया में 13 लोगों से 3000 तथा निगम मुख्यालय के उड़नदस्ता की टीम ने सुपेला चौक, संजय नगर सब्जीमंडी व अन्य सार्वजनिक स्थान मे 33 लोगों से 7100 रूपए वसूल किया गया! भिलाई निगम क्षेत्र में कुल 284 लोगों से 69,200 रूपए अर्थदंड लिए गए। आज की कार्यवाही में जोन 1 के जोन आयुक्त अमिताभ शर्मा, जोन 02 के जोन आयुक्त आयुक्त सुनील अग्रहरि, जोन 03 जोन आयुक्त महेन्द्र पाठक, जोन 04 के जोन आयुक्त प्रीति सिंह व जोन 05 के प्रभारी कार्यपालन अभियंता सुनील जैन कर्मचारियों के साथ अर्थदंड की कार्यवाही किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *