कुम्हारी पालिका सभाकक्ष को देखकर मुख्यमंत्री बोले- मतलब पूरा विधानसभा स्टाइल में बने हे


नगर पालिका भवन के लोकार्पण के मौके पर मुख्यमंत्री ने की निर्माण कार्य की तारीफ, कहा ऐसा पालिका भवन छत्तीसगढ़ में पहली बार देखा।

विक्रम शाह ठाकुर@कुम्हारी। बुधवार को कुम्हारी नगर पालिका के नए भवन का लोकार्पण करते वक्त मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने जब इसका सभाकक्ष देखा तो इसकी बहुत प्रशंसा की। उन्होंने छत्तीसगढ़ी में कहा कि मतलब पूरा विधानसभा स्टाइल में बने हे। बहुत बढ़िया बनवाए हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा पालिका भवन छत्तीसगढ़ में मैंने नहीं देखा है। बहुत अच्छी तरह से बना है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पार्षदों से चर्चा भी की। पार्षदों ने मुख्यमंत्री से कहा कि कुम्हारी नगरपालिका के विकास के लिए जिस तरह से मुख्यमंत्री ने घोषणाएं की हैं उससे नगर में अधोसंरचना के क्षेत्र में और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में बहुत बढ़िया काम हो सका है। हम सब इस से बहुत खुश हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पूरा भवन देखा। अधिकारियों ने बताया कि भवन जी प्लस टू बनाया गया है प्रथम तल में सभाकक्ष और दूसरे तल में विभागों की शाखाएं होंगी। उल्लेखनीय है कि इस इमारत की लागत 3 करोड़ 54 लाख रुपये है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने गोधन न्याय योजना के अंतर्गत बाड़ी से समूह को प्राप्त होने वाली आय के चेक का वितरण भी किया। साथ ही उन्होंने डोर टू डोर कचरा कलेक्शन करने वाली स्वच्छता ग्राही दीदियों के लिए ई रिक्शा भी दिया।


इस मौके पर नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया, नगर पालिका अध्यक्ष श्री राजेश्वर सोनकर उपाध्यक्ष के रवि कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। साथ ही दुर्ग संभागायुक्त महादेव कांवड़े, आईजी बद्रीनारायण मीणा, कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा, एसपी डॉ अभिषेक पल्लव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कुम्हारों को इलेक्ट्रिक चाक भी वितरित किया। मुख्यमंत्री को इलेक्ट्रिक चाक में मिट्टी के बर्तन बनाकर कुम्हारों ने दिखाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक के माध्यम से आपके हुनर को निखारने के लिए और बेहतर अवसर मिलेगा। साथ ही आप कम समय में अधिक कार्य भी कर पाएंगे।

वहीं वार्ड क्रमांक 3 में 38 लाख की लागत से बने छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने समाज को परिभाषित करते हुए कहा कि समाज व्यक्तियों का एक समूह नहीं बल्कि व्यक्तियों में जो पारस्परिक संबंध पाए जाते हैं उन्हीं की एक व्यवस्था है। कुर्मी समाज के लोगों का मुख्य पेशा कृषि है लेकिन शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी समाज के लोगों ने काफी नाम किया है। विकास के पथ पर चलने के लिए समाज के लोगों का एकता सूत्र में बंधे रहना आवश्यक है और कुर्मी समाज इसे भली भांति जानता है। शासन प्रत्येक समाज प्रगति की ओर अग्रसर हो इसके लिए सभी को समान अवसर प्रदान करा रहा है।समुदायिक एवं सांस्कृतिक भवनों के लिए शासन रियायती दरों पर भूमि का आवंटन कर रही है ताकि सभी समाज के लोग अपने समुदाय के हित के लिए आगे आएं और उसके उत्थान का कार्य करें। इन सामुदायिक भवनों में सामाजिक कार्यों के साथ-साथ समाज के  लोगों को अन्य लाभ भी मिलेंगे। उन्होंने उपस्थित समाज के लोगों के साथ चर्चा भी की और उन्हें समाजिक एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए बधाई भी दी।
इस अवसर पर नगरी प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ शिव कुमार डहरिया , ओएसडी श्री मनीष बंछोर, श्रीमती योगिता वर्मा,  श्रीमती मीना वर्मा, श्रीमती भुनेश्वरी बघेल, श्रीमती नंदनी वर्मा पार्षद श्री थनेश पटेल,श्रीओम नारायण वर्मा, श्री नारायण वर्मा, श्री विजय वर्मा, श्री दयालु राम वर्मा, श्री मनोज वर्मा एवं कुर्मी समाज के अन्य सदस्य व अधिकारीगण उपस्थित थे।

क्रिकेट स्टेडियम में खेल का शानदार आगाज, मंत्री शिव डहरिया की गेंद में मुख्यमंत्री ने लगाया चौंका

कुम्हारी में साढ़े चार करोड़ रुपए की लागत से बने स्टेडियम के लोकार्पण के मौके पर आयोजित पहला मैच ही कुम्हारी के नागरिकों की स्मृति में हमेशा के लिए दर्ज हो गया। क्रिकेट मैच में बैट्समैन थे मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल और बॉल थी नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ शिव डहरिया के हाथों में। नगरीय प्रशासन मंत्री ने जो पहली बाल डाली, उसे अंपायर ने वाइट करार दिया। मंत्री की दूसरी बाल पर मुख्यमंत्री ने चौंका जड़ दिया और पूरा स्टेडियम तालियों से गूंज उठा। कुम्हारी स्टेडियम का निर्माण साढ़े 4 करोड रुपए की लागत से हुआ है। मुख्यमंत्री ने स्टेडियम के निर्माण कार्य की प्रशंसा की और कहा कि इस तरह के खेल की बढ़िया अधोसंरचना से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और कुम्हारी में खेल प्रतिभाओं को निखारने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 42 करोड़ के निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन भी किया इन कार्यों में 10 करोड़ रुपये के लोकार्पण कार्य तथा 31 करोड़ के भूमि पूजन कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कुम्हारी के नागरिकों के प्रस्ताव पर स्टेडियम का नाम स्वर्गीय मिनी माता के नाम पर रखने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि कुम्हारी नगर पालिका में लगातार विकास के कार्य किए जा रहे हैं आज यहां भव्य स्टेडियम और नगर पालिका भवन का लोकार्पण किया गया है। दोनों ही निर्माण कार्य बहुत बढ़िया तरीके से किए गए हैं। कुम्हारी में नागरिक अधोसंरचना की दृष्टि से तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। सौ करोड़ के निर्माण कार्य बीते 3 सालों में हुए हैं और कुछ पर कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चाहे तालाब सौंदर्यीकरण का विषय हो, स्वामी आत्मानंद स्कूल हो या उच्च शिक्षा के लिए कॉलेज। कुम्हारी के सर्वांगीण विकास की दिशा में सरकार कार्य कर रही है। इस मौके पर नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ शिव डहरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में कुम्हारी नगर पालिका में तेजी से निर्माण कार्य हो रहे हैं और नागरिक सुविधाओं का विकास हो रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष राजेश्वर सोनकर ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान संभागायुक्त महादेव कांवड़े, आईजी बद्री नारायण मीणा, कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा एवं एसपी डॉ अभिषेक पल्लव उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *