- कृषि मंडियों में भार साधक समितियों की नियुक्ति के आदेश जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ की सभी 69 कृषि उपज मंडी समितियों में भार साधक अधिकारियों के स्थान पर भार साधक समितियों की नियुक्तियां कर दी गई हैं। प्रत्येक समिति में एक अध्यक्ष, एक उपाध्यक्ष तथा 5 सदस्यों समेत कुल 07 सदस्यों की नियुक्ति की गई है। संचालक, कृषि विपणन, रायपुर द्वारा इन भार साधक समितियों की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए गए हैं। भार साधक अधिकारियों के माध्यम से संचालित हो रहे कार्यों का संचालन अब समितियों के माध्यम से होगा।
छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े कृषि उपज मंडी रायपुर में भारसाधक समिति के अध्यक्ष के रूप में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रायपुर विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के दो बार के अध्यक्ष रहे नारायण कुर्रे की नियुक्ति की गई है। श्री कुर्रे की नियुक्ति पर रायपुर ग्रामीण के कांग्रेसियों एवं किसानों में हर्ष व्याप्त है।
गौरतलब हो कि नारायण कुर्रे की गिनती क्षेत्र में वरिष्ठ कांग्रेसियों के रूप में होती है पिछले दो विधानसभा चुनाव में अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित आरंग विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी से प्रबल दावेदार रहे हैं लेकिन टिकट नहीं मिलने के बाद भी पूरी निष्ठा के साथ कांग्रेस के प्रति समर्पित भाव से कार्य करते रहे हैं शायद इसी धैर्य और निष्ठा का इनाम अध्यक्ष के रूप में मिला है।
