अनिता देवांगन@नयापारा-राजिम। जोगीबाबा पारा लखना थाना गोबरा निवासी केशर बाई निषाद( 57) पति स्व. कार्तिक राम के कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। 20-21 मई की रात हुई इस हत्या का आरोप उसका पड़ोसी देवराज यादव निकला। उसने पुलिस को बताया कि केशर बाई उसे व उसके परिवार को आए दिन गाली देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी इसलिए उसने मौका पाकर उसका गला दबा दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार इस मामले की रिपोर्ट गोबरा थाने में मृतका के भतीजे राम निषाद ने लिखाई थी। रिपोर्ट में बताया था कि उसकी बुआ 20 मई की रात घर में सोई थी। सुबह 21 मई को मृत अवस्था में पड़ी मिली। पीएम रिपोर्ट में भी गला दबाने से मृत्यु बताया गया था। अपराध कायम कर जांच की गई।
आसपास के लोगों से पता चला कि मृतका का उसके पड़ोसी देवराज यादव से आए दिन विवाद होता था। संदेह के आधार पर देवराज (31) पिता बसंत यादव से कड़ी पूछताछ हुई तो उसने अपराध कबूल लिया।
कार्रवाई में निरीक्षक सत्येन्द्र सिंह श्याम, थाना प्रभारी गोबरा नवापारा, एंटी क्राइम एवं सायबर यूनिट से निरीक्षक रोहित मालेकर, सउनि जमील खान, प्रआर आशीष त्रिवेदी आर तुकेश निषाद तथा थाना गोबरानवापारा से उपनिरीक्षक विजय साहू की महत्वपूर्ण भूमिंका रही।
