देवरीबंगला / ग्राम सुरेगाव में दो परिवार के 8 लोग उल्टी दस्त के कारण अचानक बीमार हो गए हैं। जिसमें एक की मौत हो गई है तथा 3 लोग गंभीर बताए जा रहे हैं। जिनको मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रिफर किया गया है।।
डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम सुरेगांव में उल्टी-दस्त के कारण 2 परिवार के 8 लोग बीमार हो गए हैं। जिसमें से 45 वर्षीय प्रमिला की मौत हो गई व अन्य 7 लोगों का इलाज जारी है। 7 में से 3 लोगों की स्थिति गंभीर है, जिनको बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर राजनांदगांव रिफर किया गया है। अन्य 3 लोगों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुरेगांव और 1 पीड़ित का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अर्जुंदा में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय प्रमिला की मौत डायरिया के कारण हुई है। वहीं बिहउलाल, बासीन बाई, सिलोचना बाई, कमलेश कुमार, दामिनी, सूर्यकांत और प्रतीक कुमार का इलाज जारी है। ग्रामीणों ने बताया कि सभी डायरिया पीड़ित एक ही कुंए का पानी पीते थे, जिससे उनकी तबियत खराब हुई है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पीड़ित परिवार को 3 जून से ही टट्टी उल्टी की शिकायत थी। वे निजी चिकित्सक से इलाज करा रहे थे। कलेक्टर जन्मजेय मोहबे, जिला पंचायत सीईओ, सीएमओ, बीएमओ सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर मामले की जांच कर रही है। कलेक्टर ने ग्राम पंचायत को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार के यहां तत्काल नल कनेक्शन लगाया जाए तथा ग्राम में नाली तथा कचरे की सफाई की जाए। मितानिन व स्वास्थ विभाग की टीम घर घर साफ पानी पीने, पानी गर्म करके छानकर पीने की सलाह दे रही है तथा ओआरएस के पैकेट का वितरण किया जा रहा है।

