बिलासपुर। अपोलो हॉस्पिटल पहुंचकर सीएम भूपेश बघेल ने राहुल का हालचाल जाना। पश्चात उन्होंने चिकित्सकों से विस्तार से जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने राहुल के परिजनों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि मुझे बेहद खुशी है कि हम सभी ने मिलकर प्रयास किया जिसका सार्थक परिणाम प्राप्त हुआ, राहुल आज पूरी तरह से सुरक्षित है। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भावुक हो उठे और उन्होंने राहुल के सिर पर हाथ को सहलाया।
वहीं पर राहुल के परिजन भी उपस्थित थे, उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। अस्पताल के आईसीयू में राहुल की माँ गीता साहू ने कहा कि राहुल को बचाने के लिए जो दिन-रात, भूखे-प्यासे, बिना सोये रेस्कयू में लगे थे, वो मेरे लिए भगवान हैं। माँ बार-बार बेटे का माथा चूम रही है..मेरा लाल..मेरा लाल कहकर सर में हाथ फेर रही है, दुलार रही है। एक -एक जख्मों को देख रही है मानो आज ही वो सारे जख्मों को भर देना चाहती हो। राहुल सुन नहीं सकता, पर माँ के हाथों में वो जादू है जिससे सिर्फ महसूस भर किया जा सकता है, सुनने की जरूरत ही कहाँ है। राहुल बोल भी नहीं सकता, एकटक माँ को ही देख रहा, माँ उसे निहार रही है फिर शब्दों की किसे जरूरत है। राहुल और उसकी माँ का प्यार देखकर तो लगा जैसे दोनों को पूरी दुनिया मिल गयी हो। अस्पताल में राहुल की माँ गीता साहू से जो भी मिलने आ रहा है वो दोनों हाथों को कृतज्ञता से जोड़ ले रहीं हैं। गीता ने पांच दिन से कुछ नहीं खाया है और ना ही सोयी हैं। वे कहती हैं कि भगवान कैसे होते हैं, बीते पांच दिनों में देखा है। मेरा तो बेटा है राहुल पर बाकी लोग उसे बचाने के लिये दिन-रात, भूखे-प्यासे, बिना सोये लगे रहे। ये सब मेरे लिये साक्षात भगवान हैं। मैं तो सिर्फ पैदा की हूं राहुल को लेकिन सब ने मिलकर उसे नया जन्म दिया है। देश भर से करोड़ों लोगों की दुआओं ने असर किया है और आज मेरा बेटा मेरे सामने है।
