दिल्ली में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गिरफ्तार:ट्वीट कर कहा-हम सब याद रखेंगे, कांग्रेस के बड़े नेताओं के साथ विधायक विकास भी हिरासत में

नेशनल हेराल्ड केस में राहुल गांधी से पूछताछ के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस के राष्ट्रीय मुख्यालय पहुंचे थे, इसके बाद यहां से कांग्रेस के सभी नेता प्रवर्तन निदेशालय-ED के दफ्तर की ओर मार्च करने की तैयारी में थे। यहां से रास्ते में नेताओं को रोक लिया गया। जब मुख्यमंत्री और दूसरे नेता सड़क पर ही बैठ गए तो उन्हें पुलिस ने जबरिया गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को भी ऐसे ही प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को डिटेन किया था। बाद में उन्हें छोड़ा गया था।

प्रदर्शन की संभावना को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय की ओर जाने वाले अकबर रोड को बंद कर रखा है। कांग्रेस मुख्यालय में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ उनके सलाहकार राजेश तिवारी और रायपुर विधायक विकास उपाध्याय भी मौजूद हैं। दूसरे वरिष्ठ नेता भी वहां पहुंच गए हैं। ED ने राहुल गांधी से सोमवार को करीब 9 घंटे तक पूछताछ की थी। रात 10 बजे के बाद वे बाहर निकले। उन्हें मंगलवार को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। कांग्रेस नेता उनके साथ जाने पर अड़े हुए हैं। हालांकि दिल्ली पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी है। इसी बीच 24 अकबर रोड से के.सी. वेणुगोपाल, अधीर रंजन चौधरी, रंजीता रंजन, ईमरान प्रताप गढ़ी, दीपेंद्र हुड्डा, गौरव गोगई सहित राष्ट्रीय सचिव एवं विधायक विकास उपाध्याय को गिरफ्तार किया गया है, इन सभी को बादरपुर पुलिस स्टेशन ले जाया गया।

आज जशपुर जाना था, दौरा स्थगित

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सोमवार रात को ही रायपुर लौटना था। राहुल गांधी की लगातार दूसरे दिन भी पेशी की वजह से उनका वापस लौटना टल गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री का जशपुर जिले का दौरा भी टाल दिया गया है। मुख्यमंत्री इस दौरे में जशपुर जिले के जशपुर और कुनकुरी विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक दिन बिताने वाले थे। यहां की पत्थलगांव विधानसभा का दौरा मुख्यमंत्री पहले ही कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *