पाटन. कबीरधाम जिला के 54 मजदूर हैदराबाद गोकुल नगर क्षेत्र में मजदूरी करने गए है। कोरोना वायरस के चलते देशभर में लॉक डाउन हो जाने से इन मजदूरों के काम बंद हो गए और कुछ दिन बाद राशन एवं खाने पीने की समस्या होने लगी। जिसके बाद इन्होंने दुर्ग जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू और जोन प्रभारी रूपेंद्र शुक्ला से फोन के माध्यम से सहयोग के लिए सम्पर्क किया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू और जोन प्रभारी रूपेंद्र शुक्ला दोनों ने जानकारी मिलते ही त्वरित संज्ञान लेते हुए कबीरधाम कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ से फोन के माध्यम से संपर्क कर वस्तुस्थिति से अवगत कराया।
कबीरधाम जिला के मजदूरों की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने सहयोग के लिए त्वरित कार्यवाही करते हुए सहयोग प्रदान किया। हैदराबाद में फंसे मजदूरों ने जोन प्रभारी रूपेंद्र शुक्ला को फोन कर जानकारी दी कि उनके पास प्रशासन द्वारा सहयोग पहुंचाया गया है। हैदराबाद में फंसे 54 मजदूरों ने सहयोग के लिए जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू और जोन प्रभारी रूपेंद्र शुक्ला को धन्यवाद दिया।
जानकारी प्राप्त होते ही तुरंत संज्ञान लेकर सहयोग प्रदान करने के लिए जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू और जोन प्रभारी रूपेंद्र शुक्ला ने कबीरधाम कलेक्टर अविनाश शरण व जिला पंचायत सीईओ विजय दयाराम का धन्यवाद ज्ञापित किया।
