अनिता देवांगन@राजिम। राजीव लोचन महाविद्यालय में परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। कोरोना महामारी के प्रभाव को ध्यान में रखकर शासन द्वारा इस सत्र भी महाविद्यालयों की परीक्षा ऑनलाइन लेने से छात्र-छात्राओं के चेहरे में खुशी साफ तौर पर झलक रही है। इसके चलते इस बार भी परीक्षाएं ऑनलाइन हो रही हैं। कुछ दिनों पहले ही उत्तर पुस्तिका वितरण हो चुका है। इसके बाद सभी विद्यार्थियों को व्हाट्सऐप के माध्यम से एक ग्रुप बना कर जोड़ा गया है और टाइम टेबल के हिसाब से सुबह प्रश्नपत्र का पीडीएफ बना कर ग्रुप भेज दिया जाता है जो सभी विद्यार्थियों तक व्हाट्सऐप के द्वारा पहुंच जाता है जिसके माध्यम से विद्यार्थी अपने उत्तर पुस्तिका में सवालों के उत्तर लिख कर दोपहर 3 बजे से पहले तक जमा कर देते हैं। कॉलेज के शिक्षकों द्वारा मास्क और सैनिटाइजर का नियमित उपयोग किया जा रहा है और विद्यार्थियों द्वारा भीड़-भाड़ न करवा कर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जा रहा है। विद्यार्थियों के वाहन और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने में तैनात पुलिस कर्मियों द्वारा बड़ा सहयोग किया जा रहा है। इस सत्र की परीक्षाएं विद्यार्थी आराम से दे सकें इसके लिए कॉलेज की व्यवस्था की सराहना की जा रही है।
शासकीय राजीवलोचन कॉलेज राजिम में सुचारू रूप से हो रहा है ऑनलाइन परीक्षा
