महासमुंद. महासमुंद जिले के पिथौरा थाने से एक बड़ी खबर आ रही है। लूट और मारपीट के आरोपी को पकड़ने गयी पुलिस टीम पर लोगों ने हमला कर दिया। रॉड और धारदार हथियार से हुए हमले में महिला थाना प्रभारी और सब इंस्पेक्टर सहित 5 पुलिसकर्मी घायल हो गये हैं। इधर इस मामले की शिकायत सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष और पूर्व आईएएस बीपीएस नेताम ने गृह मंत्री से की है। पूर्व आईएएस ने महिला प्रभारी पर हुए हमले की निंदा करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
महिला थाना प्रभारी का हाथ फ्रैक्चर हो गया है, वहीं पीठ और पैर में भी गंभीर चोट आयी है, जबकि सब इंस्पेक्टर के पीठ पर रॉड और अन्य हथियार से हमला किया गया है। घटना पिथौरा की बतायी जा रही है, जहां गोपाल पांडेय नाम के व्यक्ति पर 11 अप्रैल को अर्जुनी गांव के डालेश्वर पटेल ने मामला दर्ज कराया था। लाकडाउन के बावजूद आरोपी गोपाल पर सामूहिक जुआ खिलवाने का गंभीर आरोप लगाया गया था। आरोपी के खिलाफ 341, 294, 323, 392 के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
पूर्व की कई घटनाओं में भी गोपाल पांडेय आरोपी था, जिसके बाद थाना प्रभारी कमला पुसाम, सब इंस्पेक्टर सहित आधा दर्जन पुलिसकर्मियों के साथ आरोपी को पकड़ने के लिए पहुंची थी। पुलिस की टीम जैसे ही आरोपी के घर पहुंची, घर के 10 से 12 लोगों ने लाठी, डंडा, रॉड और धारदार हथियार से हमला बोल दिया। थाना प्रभारी कमला पुसाम ने बताया कि आरोपी के पिता ने हाथ में धारदार हथियार रखा था और काट डालने की धमकी दे रहा था। इसी बीच महिलाएं रॉड डंटा लेकर निकली और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।
