बिलासपुर के ज्वेलरी दुकान में बाइक से आए 3 बदमाश, संचालक को मारी गोली, एक को घेरकर लोगों ने पकड़ा और जमकर धुनाई, 2 आरोपी फरार


बिलासपुर—छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में 3 बदमाशों ने ज्वेलरी दुकान में धावा बोल दिया। दुकान संचालक को गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग रहे थे, जिसमें से एक को लोगों ने पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। ज्वेलरी दुकान संचालक को पैर में गोली लगी है।।

मिली जानकारी के मुताबिक बिलासपुर शहर के शनिचरी के पास स्थित दीपक ज्वेलरी दुकान में 3 बदमाश दोपहर ढाई बजे 2 बाइक पर सवार होकर आए। दुकान में घुसे और ज्वेलरी दुकान के संचालक दीपक सोनी को गोली मार दी। दुकान संचालक पिस्तौल देखकर घबरा गया और बचने लगा, तभी आरोपियों ने दो राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली दीपक के पैर में लगी है। पुलिस ने दीपक को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया है। सूचना पर सिटी कोतवाली के थाना स्टाफ सहित उच्च अफसर घटना स्थल पर पहुंचे हैं। एडिशनल एसपी उमेश कश्यप ने बताया कि घटना के बाद एक आरोपी को भीड़ ने पकड़ा और जमकर पिटाई की है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

शहर में नाकेबंदी की गई, जल्द पकड़े जाएंगे आरोपी

एडिशनल एसपी उमेश कश्यप ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल लूट और गोली चलाने के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। 2 मोटरसाइकिल में सवार होकर 3 लोग दीपक ज्वेलर्स में आए थे। दुकान संचालक को गोली लगी है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसी स्थिति खतरे से बाहर है। लूटेरे कितने रुपये और सोने-चांदी के गहने ले गए हैं या नही  यह अभी पता नहीं चल पाया है। उमेश कश्यप ने बताया कि फिलहाल पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। घटना में प्रयुक्त पिस्टल, दो राउंड, एक चाकू, मोटरसाइकिल व एक मोबाइल बरामद किया गया है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *