जिला पंचायत अध्यक्ष पर सदस्यों ने लगाया राशि आबंटन में भेदभाव का आरोप सामान्य सभा का बहिष्कार कर निकले बाहर।

लोकेश्वर सिन्हा गरियाबंद
जिला पंचायत विकास निधि की द्वितीय किश्त की राशि में भेदभाव को लेकर आयोजित जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में हंगामा हो गया, यहां तक जिला पंचायत के कुछ सदस्यों ने जिला पंचायत अध्यक्ष पर राशि आबंटन में भेदभाव का आरोप लगाते हुए सभा का बहिष्कार करते हुए बाहर निकल गए। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष का इस बारे में साफ कहना था कि सामान्य सभा की बैठक में कहीं बहिष्कार वाली बात नही है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ, समस्त सदस्यगण एवं विभागों के अधिकारी  उपस्थिति थे। कहा कि जिला पंचायत विकास निधि में कम राशि प्राप्त हुई है, सभी सदस्यों को सम्मानजनक राशि आबंटित हुई है।

उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत गरियाबंद को जिला पंचायत विकास निधि की द्वितीय किश्त की राशि 60 लाख रुपए जारी की गई है। उक्त निधि की राशि को क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को दूर करने एवं विभिन्न विकास कार्यों में खर्च करने के लिए जिला पंचायत सदस्यों को दी जाती है। जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में उस समय गहमागहमी का माहौल हो गया, जब जिला पंचायत विकास निधि की जारी राशि का अनुमोदन किया जा रहा था। जिसमें कुछ जिला पंचायत सदस्यों को ज्यादा तरजीह दी जा रही थी, तो कुछ को कम। इस बात को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए जिला पंचायत सदस्य रोहित साहू, चंद्रशेखर साहू समेत दो महिला सदस्यों ने राशि आबंटन में भेदभाव किए जाने का आरोप लगाते हुए सभा का बहिष्कार कर बाहर निकल गए। 

जिला पंचायत सदस्य रोहित साहू ने कहा कि जिला पंचायत गरियाबंद में मनमानी चल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जिला पंचायत गरियाबंद को जिला पंचायत विकास निधि की द्वितीय किश्त 60 लाख रुपए प्रदाय की गई है। राशि आबंटन में मनमानी करते हुए अध्यक्ष को 20 लाख रुपए, उपाध्यक्ष को 15 लाख रुपए, सभापति को 5-5 लाख रुपए एवं सदस्यों को 2-2 लाख रुपए जारी किए गए हैं। इस बात पर सामान्य सभा में हमारे द्वारा विरोध किया गया। कहा कि अध्यक्ष की मनमानी के चलते जिला पंचायत के चार सदस्यों ने सभा का बहिष्कार करते हुए सभी सदस्यों को बराबर राशि आबंटित करने की मांग की गई है। 

जिला पंचायत सदस्य चंद्रशेखर साहू ने कहा कि शासन द्वारा प्रत्येक वर्ष जिला पंचायत विकास निधि में राशि दी जाती है, जिससे मूलभूत समस्याओं को दूर करने एवं विकास कार्यों में खर्च किया जा सकें। उक्त निधि की राशि आबंटन में मनमानी की गई है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कुछ सदस्यों को ज्यादा राशि देते हुए कुछ सदस्यों को मात्र दो-दो लाख रुपए दिए हैं।  जिसको लेकर चार सदस्यों ने विरोध करते हुए सभा का बहिष्कार किया है।

जिला पंचायत अध्यक्ष स्मृति ठाकुर ने कहा कि जिला पंचायत को विकास निधि में 60 लाख रुपए प्रदाय की गई है। राशि कम होने के चलते सभी सदस्यों को सम्मानजनक राशि आबंटित की गई है। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष को 20 लाख, उपाध्यक्ष को 15 लाख, सभापति को 5-5 लाख एवं सदस्यों को 2-2 लाख रुपए आबंटित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *