शिक्षक युवा मन को आकार दें, उनमें राष्ट्रीय भावना का विकास करें”-ताम्रध्वज साहू

महाविद्यालय के पहुँच मार्ग, रैम्प, जिम्नेजियम एवं सभाकक्ष और लाइब्रेरी ऑटोमेशन का उद्घाटन

रोशन सिंह@उतई। “शासकीय दानवीर तुलाराम स्नातकोत्तर महाविद्यालय उतई के प्रारंभ से ही हम सब इस महाविद्यालय से भावनात्मक रूप से जुड़े हैं। इस संस्था को आगे बढ़ाने में यहाँ के शिक्षकों की भी महती भूमिका रही है। शिक्षक मन से कार्य करें, नवाचार करें, इससे विद्यार्थियों को लाभ मिलता है। किसी भी संस्था के विकास में कई तरह के लोगों का योगदान होता है। प्रशासन की भूमिका व्यवस्था बनाने की होती है, पालक गण जनभागीदारी के माध्यम से विकास कार्यों और अनुशासन को बनाये रखने में अपना योग दे सकते हैं। हमारे देश में प्रतिभा और संसाधनों की कमी नहीं है पर राष्ट्रीयता के बोध का अभाव है। विद्यार्थियों में हमें राष्ट्रीय भावना का विकास करना है। शिक्षा युवा मन को आकार दें। यह क्षेत्र प्रतिभाओं की दृष्टि से अत्यन्त उपजाऊ है। यहाँ के नौजवान-खो-खो, तैराकी तथा कबड्डी में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। कोरोना ने विकास की बहुत सारी संभावनाओं को सीमित किया, फिर भी डेढ़-दो वर्षों में दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र का अभूतपूर्व विकास हुआ है। हमने इस क्षेत्र में दो-दो नये कॉलेज खोले और दो कॉलेज पहले से ही बहुत बेहतर स्थिति में हैं।“ उक्त विचार छत्तीसगढ़ के गृह, लोक निर्माण विभाग, धर्म और धर्मस्व एवं पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू जी ने शासकीय दानवीर तुलाराम स्नातकोत्तर महाविद्यालय उतई के पहुँच मार्ग, रैम्प, सभा कक्ष, जिम्नेजियम एवं पुस्तकालय ऑटोमेशन के उद्घाटन समारोह में महाविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों, उतई क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किये। संस्था प्रमुख एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश पांडे ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि “इस महाविद्यालय का वातावरण अत्यन्त सुन्दर और प्रेरक है। शिक्षकों में अपने कार्य के प्रति समर्पण का भाव है। यह महाविद्यालय छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्र के श्रेष्ठ महाविद्यालयों में से एक है।” महाविद्यालय के संस्थापक सदस्यों में से एक एवं जनभागीदारी समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं समाज सेवी भीषम हिरवानी ने महाविद्यालय को प्रारंभ किये जाने में ताम्रध्वज साहू जी के प्रयासों का स्मरण करते हुए इसके विकास में यहाँ के शिक्षकों की भूमिका की भी सराहना की। जनभागीदारी के अध्यक्ष डॉ. प्रहलाद वर्मा ने भी अपने सम्बोधन में इस बात को रेखांकित किया कि इस महाविद्यालय की शैशवावस्था से ही मंत्री जी का इस संस्था के प्रति लगाव रहा है और उनके आर्शीवाद से यह महाविद्यालय और प्रगति के सोपानों को पार करेगा। उन्होंने मंत्री महोदय से कॉलेज के लिए एक सर्वसुविधायुक्त ऑटोडोरियम की भी मांग की। इस उद्घाटन समारोह में उतई एवं आस-पास के गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधि गण-दुर्ग जनपद अध्यक्ष देवेन्द्र देशमुख, खुमान सिंह साहू, वीरेन्द्र गोस्वामी, रविन्द्र साहू, राकेश साहू, भीम सेन सिन्हा, सुरेन्द्र शर्मा, सतीश पारख, रोशन सिंह बम्भोले नगर पुरोहित पंडित उमाशंकर अवस्थी बहादुर नेताम घनश्याम गजपाल तरुण बंजारे गोवर्धन बारले प्रेमनारायण साहू अजय वर्मा युधिष्ठिर सोनवानी थाना प्रभारी नवी मोनिका पांडेय घनश्याम चंद्राकर आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत उतई के अध्यक्ष डीकेन्द्र हिरवानी ने की। कार्यक्रम का सफल एवं गरिमामय संचालन डॉ. रीता गुप्ता ने किया। डॉ.ए.ए. खान ने अतिथियों एवं कार्यक्रम में शामिल लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों, पत्रकारों एवं जनप्रतिनिधियों को धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *